विदेश की खबरें | कोविड-19 के टीकों के लिए ब्राजील के राष्ट्रपति बोलसोनारो ने प्रधानमंत्री मोदी का शुक्रिया अदा किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो ने कोविड-19 के टीके की 20 लाख खुराकें देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का शुक्रिया अदा किया है।
न्यूयॉर्क (अमेरिका), 23 जनवरी ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो ने कोविड-19 के टीके की 20 लाख खुराकें देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का शुक्रिया अदा किया है।
भारत ने ‘एस्ट्राजेनेका’ और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय द्वारा विकसित ‘कोविशील्ड’ की 20 लाख खुराकें शुक्रवार को मुम्बई हवाई अड्डे से ब्राजील रवाना की थी, जो साओ पाउलो पहुंच गई हैं।
भारत के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया था कि सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील, मोरक्को, बांग्लादेश तथा म्यांमा को अनुबंध के तहत भारत कोरोना वायरस टीकों की आपूर्ति कर रहा है।
बोलसोनारो ने ट्वीट किया, ‘‘ नमस्कार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी। वैश्विक बाधाएं दूर करने के लिए एक महान साझेदार पा कर ब्राजील गौरवान्वित है। भारत से टीके ब्राजील भेज हमारी मदद करने के लिए शुक्रिया। धन्यवाद। ’’
उन्होंने अपने संदेश के साथ भगवान हनुमान की एक तस्वीर भी साझा की, जिसमें वह कोविड-19 के टीके लिए भारत से ब्राजील जाते नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर पर भी धन्यवाद भारत लिखा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो के धन्यवाद संदेश के जवाब में कहा, ‘‘कोविड-19 के खिलाफ साझा लड़ाई में ब्राजील का विश्वसनीय सहयोगी होना भारत के लिए सम्मान की बात है। हम स्वास्थ्य के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करना जारी रखेंगे।’’
ब्राजील को टीके मिलने की घोषणा करते हुए उसके स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि ‘एस्ट्राजेनेका’ और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय द्वारा विकसित टीके शुक्रवार को साओ पाउलो पहुंच गए। इन्हें रियो डी जिनेरियो भेजा जाएगा, जहां ब्राजील का सरकारी ‘फायोक्र्रज इंस्टीट्यूट’ है।
खबर के अनुसार फायोक्र्रज द्वारा टीकों का उत्पादन और वितरण किया जाएगा।
दुनिया में अमेरिका के बाद कोविड-19 के सबसे अधिक 87 लाख से ज्यादा मामले ब्राजील में ही है। यहां वायरस से 2,14,000 लोगों की मौत भी हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 23, 2021 11:01 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

