जरुरी जानकारी | बीपीसीएल का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 73 प्रतिशत घटकर 2,842 करोड़ रुपये पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लि. (बीपीसीएल) ने शुक्रवार को कहा कि उसका शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में 73 प्रतिशत घट गया।

नयी दिल्ली, 19 जुलाई सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लि. (बीपीसीएल) ने शुक्रवार को कहा कि उसका शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में 73 प्रतिशत घट गया।

रिफाइनरी मार्जिन में गिरावट और ईंधन की कीमतों में कमी के चलते विपणन मार्जिन कम रहने से उसका मुनाफा घटा।

कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि अप्रैल-जून तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 2,841.55 करोड़ रुपये था, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 10,644.30 करोड़ रुपये था।

इस साल जनवरी-मार्च में बीपीसीएल का शुद्ध लाभ 4,789.57 करोड़ रुपये था।

ईंधन खुदरा कारोबार से कर-पूर्व आय 70 प्रतिशत घटकर 4,255.73 करोड़ रुपये रह गई।

बीपीसीएल और दूसरे सरकारी ईंधन खुदरा विक्रेताओं - इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने पिछले साल लागत में गिरावट के बावजूद पेट्रोल और डीजल की कीमतों को स्थिर रखने से असाधारण लाभ कमाया था।

बीपीसीएल ने समीक्षाधीन तिमाही में कच्चे तेल के प्रत्येक बैरल को ईंधन में बदलने पर 7.86 अमेरिकी डॉलर कमाए, जबकि पिछले साल इसी अवधि में इसका सकल रिफाइनिंग मार्जिन 12.64 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल था।

इस साल अप्रैल-जून में बिक्री वृद्धि 3.22 प्रतिशत रही, जबकि एक साल पहले यह 8.42 प्रतिशत थी। परिचालन आय 1.28 लाख करोड़ रुपये पर लगभग अपरिवर्तित रही।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\