एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली में बारिश के दौरान लड़के की मृत्यु, पुलिस को डूबने से मौत होने का संदेह

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को भारी बारिश के बाद चाणक्य पुरी इलाके में जलमग्न सड़क पर 15 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | दिल्ली में बारिश के दौरान लड़के की मृत्यु, पुलिस को डूबने से मौत होने का संदेह

नयी दिल्ली, 23 अगस्त दिल्ली के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को भारी बारिश के बाद चाणक्य पुरी इलाके में जलमग्न सड़क पर 15 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शुरू में कहा था कि लड़के की मौत डूबने से हुई जबकि नगर निकाय के अधिकारियों ने दावा किया कि उसे एक कार ने टक्कर मार दी थी।

पुलिस ने शुरू में कहा था कि लड़का अपने दोस्तों के साथ खेलते समय गलती से गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

हालांकि, एनडीएमसी के एक अधिकारी ने कहा कि लड़के को एक कार ने टक्कर मार दी थी। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अधिकारी ने कहा, "हमारी जानकारी के अनुसार, यह डूबने का मामला नहीं है। जिस स्थान पर घटना हुई, वह जलमग्न नहीं था।"

पुलिस ने बाद में कहा कि उन्हें संदेह है कि लड़का किसी तरह सड़क किनारे खड़ी कार के पहिये के नीचे फंस गया। जब तक लोगों ने उसे बाहर निकाला, वह बेहोश हो चुका था।

पुलिस ने बताया कि मृतक सौरभ अपने परिवार के साथ इलाके के विवेकानंद कैंप में रहता था। पुलिस के अनुसार घटना ब्रिटिश स्कूल के पास जलमग्न सड़क पर हुई।

एक अधिकारी ने बताया कि पीड़ित के दोस्तों ने उसके परिवार के सदस्यों को सूचित किया, जो तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, उसे पानी से बाहर निकाला और अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

कुछ निवासियों को संदेह है कि बारिश के दौरान एक और कार की चपेट में आने से लड़के की मौत हो गई।

एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें लोग सौरभ को कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) देते हुए दिख रहे हैं।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सौरभ को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लड़के के माता-पिता मजदूरी करते हैं और उसकी दो बहन व एक छोटा भाई है।

सौरभ की बहन प्रीति ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि उसका भाई सरकारी स्कूल में 9वीं कक्षा का छात्र था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 23, 2024 11:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).