देश की खबरें | बंबई उच्च न्यायालय ने रिया चक्रवर्ती को दी जमानत, भाई शौविक की याचिका खारिज की
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

मुम्बई, सात अक्टूबर अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े मामले में मादक-पदार्थों को लेकर आरोपों में गिरफ्तार अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को बंबई उच्च न्यायालय ने बुधवार को जमानत दे दी।

न्यायमूर्ति सारंग कोतवाल की पीठ ने राजपूत के सहयोगी दीपक सावंत और सैमुअल मिरांडा को भी जमानत दे दी, लेकिन रिया के भाई एवं मामले में आरोपी शौविक की जमानत याचिका खारिज कर दी।

यह भी पढ़े | Farmer Bills 2020: कर्नाटक कांग्रेस प्रदेश समिति मांड्या में आयोजित करेगी किसान सम्मेलन, राज्यव्यापी हस्ताक्षर अभियान की भी होगी शुरुआत.

अदालत ने कथित मादक पदार्थ तस्कर अब्देल बासित परिहार की याचिका भी खारिज कर दी।

अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से संबंधित मादक पदार्थों की जांच के सिलसिले में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने रिया और उनके भाई को पिछले महीने गिरफ्तार किया था।

यह भी पढ़े | अयोध्या में सितारों की रामलीला को देखेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, अध्यक्ष सुभाष मलिक से की मुलाकात.

अन्य आरोपियों को भी मामले की जांच के दौरान एनसीबी ने गिरफ्तार किया था।

उच्च न्यायालय ने रिया चक्रवर्ती को जमानत देते हुए उनसे एनसीबी को अपना पासपोर्ट सौंपने और विशेष एनडीपीएस अदालत की अनुमति के बिना देश के बाहर ना जाने का निर्देश दिया।

अदालत ने रिया को रिहाई के बाद शुरुआती 10 दिन करीबी पुलिस थाने में पेश होने का निर्देश भी दिया।

पीठ ने उनसे एनसीबी की आज्ञा के बिना मुम्बई से बाहर ना जाने और जमानत पर बाहर रहने के दौरान सबूतों के साथ छेड़छाड़ ना करने को भी कहा।

गौरतलब है कि राजपूत (34) इस साल 14 जून को बांद्रा स्थित अपने आवास पर मृत मिले थे।

बंबई उच्च न्यायालय ने पिछले सप्ताह मामले पर सुनवाई के बाद याचिकाओं पर फैसला सुरक्षित रख दिया था।

अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल अनिल सिंह के जरिए एनसीबी ने अदालत में जमानत याचिकाओं को विरोध किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)