देश की खबरें | बेंगलुरू के कई स्कूलों को बम की धमकी फर्जी निकली

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बेंगलुरू में शुक्रवार को कई निजी स्कूलों को उनके यहां बम रखे होने की धमकी ‘ई-मेल’ के जरिए मिली जिसके बाद पुलिस बम निष्क्रिय दस्ते के साथ तलाशी अभियान के लिए मौके पर पहुंची और धमकी फर्जी निकली।

बेंगलुरू, आठ अप्रैल बेंगलुरू में शुक्रवार को कई निजी स्कूलों को उनके यहां बम रखे होने की धमकी ‘ई-मेल’ के जरिए मिली जिसके बाद पुलिस बम निष्क्रिय दस्ते के साथ तलाशी अभियान के लिए मौके पर पहुंची और धमकी फर्जी निकली।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार उन्हें सूचना मिली कि शहर के कम से कम पांच विद्यालयों को बम रखे होने की धमकी मिली।

बेंगलुरु के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्व) ए सुब्रमण्येश्वर राव ने बताया कि उन विद्यालयों में भी बम खोजी एवं निष्क्रय दलों को को भेजा गया जिन्हें बम लगाये जाने की अलग से धमकी मिली थी। उन्होंने कहा, ‘‘ सभी विद्यालयों में तलाशी अभियान चलाया गया लेकिन वहां कोई भी चिंताजनक सामान नहीं पाया गया।’’

राव ने कहा कि जांच दल ई-मेल की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ हम यथाशीघ्र पता लगाएंगे कि इसके पीछे कौन हैं तथा फिर जरूरी कार्रवाई करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि ई-मेल अलग अलग आईडी से आये हैं और उनकी जांच की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने अभिभावकों एवं अध्यापकों को आश्वासन दिया कि चिंता करने की कोई बात नहीं है।

पुलिस के अनुसार धमकियां मिलने के बाद विद्यालय खाली करवा लिये गये एवं अभिभावकों से अपने बच्चों को घर ले जाने को कहा गया। पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि कुछ विद्यालायों, जहां परीक्षाएं चल रही थीं, वहां कोई व्यवधान उत्पन्न न हो। राज्य में 10 वीं कक्षा की परीक्षाएं चल रही हैं।

स्कूलों को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल लिखा गया था, ‘‘आपके स्कूल में बहुत शक्तिशाली बम लगाया गया है, ध्यान दें यह मजाक नहीं है। आपके स्कूल में एक बहुत शक्तिशाली बम लगाया गया है, तुरंत पुलिस को बुलाओ, आपकी सहित सैकड़ों जिंदगियां प्रभावित हो सकती हैं, देर न करें, अब सब कुछ आपके हाथ में है।’’

मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि कर्नाटक में शांति भंग करने की साजिश लगती है, जो एक प्रगतिशील राज्य है। उन्होंने पुलिस को इसे गंभीरता से लेने और कोई जोखिम नहीं लेने का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग इसके (धमकी) पीछे हैं उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जाएंगे और गहन जांच की जाएगी ... चिंता करने की कोई बात नहीं है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\