एजेंसी न्यूज

Kolhapur Shocker: कोल्हापुर में गन्ने के खेत से नाबालिग लड़की का शव बरामद, दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में चाचा गिरफ्तार

महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में बृहस्पतिवार सुबह गन्ने के एक खेत से 10 वर्षीय लड़की का शव बरामद किया गया जिसके बाद उसके चाचा को कथित रूप से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया.

Kolhapur Shocker: कोल्हापुर में गन्ने के खेत से नाबालिग लड़की का शव बरामद, दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में चाचा गिरफ्तार

मुंबई, 22 अगस्त : महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में बृहस्पतिवार सुबह गन्ने के एक खेत से 10 वर्षीय लड़की का शव बरामद किया गया जिसके बाद उसके चाचा को कथित रूप से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. पुलिस के मुताबिक लड़की बुधवार शाम से लापता थी. लड़की का परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है. परिवार ने लापता होने के कुछ समय बाद पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने बताया कि नाबालिग का शव सुबह स्थानीय लोगों ने करवीर तालुका के शिये गांव में उसके घर से मात्र 800 मीटर दूर गन्ने के एक खेत में देखा.

अधिकारी ने कहा, ‘‘यह साबित हो गया है कि लड़की के चाचा ने उसका यौन उत्पीड़न किया और फिर उसका गला घोंट दिया. आरोपी ने पूछताछ के दौरान इस बात को कबूल किया है.’’ अधिकारी के अनुसार जांच में पता चला कि लड़की के चाचा ने उसकी मां से झूठ बोला था कि उसकी डांट की वजह से लड़की नाराज होकर चली गई है. पुलिस के अनुसार लड़की के माता-पिता शिरोली एमआईडीसी क्षेत्र में एक औद्योगिक इकाई में काम करते हैं. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि पुलिस को संदेह है कि लड़की की हत्या से पहले उसका यौन उत्पीड़न किया गया. यह भी पढ़ें : बाहरी-उत्तरी दिल्ली में चार साल की बच्ची से पड़ोसी ने किया दुष्कर्म

फडणवीस ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘लड़की का परिवार बिहार से है. प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम में उसके चाचा ने उसकी पिटाई की और वह घर छोड़कर चली गई. बुधवार रात करीब 10 बजे स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत मिली कि लड़की लापता है. आज सुबह उसका शव बरामद हुआ और पुलिस को लड़की के यौन उत्पीड़न का संदेह है. पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है.’’ उन्होंने मामले की गहन जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने का वादा किया. फडणवीस ने कहा, ‘‘हम इस मामले की तह तक जाएंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. हम पीड़ित परिवार को हर संभव मदद मुहैया कराएंगे. ’’

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 23, 2024 01:20 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).