देश की खबरें | महाराष्ट्र में बीएमडब्ल्यू कार ने दुपहिया वाहन को टक्कर मारी, एक महिला की मौत, दो लोग गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. (तस्वीरों के साथ)

(तस्वीरों के साथ)

मुंबई, सात जुलाई मुंबई के वर्ली इलाके में रविवार सुबह बीएमडब्ल्यू कार ने एक दुपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार एक महिला की मौत हो गयी। पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मामले में कार चालक राजेश शाह और उसमें सवार राजऋषि राजेंद्रसिंह बिदावत पर मामला दर्ज करने के बाद रविवार शाम उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

वर्ली थाने के एक अधिकारी ने बताया कि महिला की पहचान कावेरी नखवा (45) के तौर पर की गयी है। वह सुबह करीब साढ़े पांच बजे एनी बेसेंट रोड पर अपने पति प्रदीप के साथ दुपहिया वाहन से जा रही थीं, तभी बीएमडब्ल्यू कार के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और उन्हें टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया, ‘‘कावेरी नखवा सड़क पर गिर गयीं। आसपास से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को घटना के बारे में सूचना दी। कावेरी को सरकारी नायर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कावेरी और उनके पति मछुआरा समुदाय से हैं और वे कोलाबा में ससून डॉक से अपने घर जा रहे थे।’’

वर्ली थाने के अधिकारी ने बताया कि कार चालक राजेश शाह और उसमें सवार राजऋषि राजेंद्रसिंह बिदावत को घटना के बाद थाने लाया गया और प्रारंभिक जांच में दुर्घटना में उनकी कथित भूमिका स्थापित होने के बाद शाम को दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि शाह और बिदावत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) समेत अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

यह पूछने पर कि क्या इस दुर्घटना में शामिल व्यक्ति शिवसेना के एक नेता का बेटा है, इस पर शिंदे ने कहा, ‘‘कानून सभी के लिए बराबर है और सरकार हर मामले को एक ही नजरिये से देखती है। इस दुर्घटना के लिए कोई अलग नियम नहीं होगा। सब कुछ कानून के अनुसार किया जाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस किसी को नहीं बचाएगी। मुंबई में हुई दुर्घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। मैंने पुलिस विभाग से सख्त कार्रवाई करने के लिए बात की है।’’

शिवसेना (यूबीटी) नेता और स्थानीय विधायक आदित्य ठाकरे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह राजेश शाह के ‘‘राजनीतिक जुड़ाव’’ पर बात नहीं करेंगे, लेकिन उम्मीद है कि ‘‘सरकार किसी का बचाव नहीं करेगी।’

ठाकरे ने कहा, ‘‘आज वर्ली थाने गया और ‘हिट एंड रन’ मामले की जांच कर रहे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। मैं मामले के आरोपी राजेश शाह के राजनीतिक संबंधों के बारे में नहीं बात नहीं करूंगा, लेकिन मुझे उम्मीद है कि पुलिस आरोपी को पकड़ने और उसे न्याय के कठघरे में लाने के लिए तेजी से कार्रवाई करेगी। उम्मीद है कि सरकार उनके बचाव के लिए आगे नहीं आएगी।’’

ठाकरे ने कहा कि उन्होंने और विधान परिषद सदस्य सुनील शिंदे ने घटना में जान गंवाने वाली महिला के पति प्रदीप नखवा से मुलाकात की और आरोपियों को न्याय के दायरे में लाने के लिए हरसंभव मदद का वादा किया।

यह मामला ऐसे वक्त में सामने आया है जब दो महीने से भी कम समय पहले 19 मई को पुणे के कल्याणी नगर में पोर्श कार दुर्घटना हुई थी जिसमें कथित तौर पर शराब के नशे में गाड़ी चला रहे नाबालिग ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी जिसमें दो आईटी पेशेवरों की मौत हो गयी थी।

यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर तब सुर्खियों में आया जब किशोर न्याय बोर्ड ने लड़के को आसान शर्तों पर जमानत दे दी। वहीं, पुणे पुलिस ने यह खुलासा किया कि आरोपी के माता-पिता और ससून अस्पताल के चिकित्सकों ने शराब जांच को निष्प्रभावी बनाने के लिए रक्त के नमूने बदलने और दुर्घटना के संबंध में कथित तौर पर परिवार के ड्राइवर को जिम्मेदार ठहराने का प्रयास किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Australia Women vs India Women ODI Stats: वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में एक-दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा है भारत महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला का प्रदर्शन, यहां देखें दोनों टीमों के आंकड़े

Pakistan vs Sri Lanka, 50th Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका को हराकर भी टूर्नामेंट से बाहर हुआ पाकिस्तान, न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में बनाई जगह; यहां देखें PAK बनाम SL मैच का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, T20 World Cup 2026 52nd Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा टीम इंडिया बनाम वेस्टइंडीज के बीच सुपर-8 का महामुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

Kolkata Weather And Rain Forecast For India vs West Indies Match: कोलकाता में भारत बनाम वेस्टइंडीज सुपर 8 मुकाबले पर बारिश का खतरा नहीं, लेकिन ओस बन सकती है बड़ा फैक्टर

\