देश की खबरें | लाखों माताओं का आशीर्वाद मेरे लिए बहुत बड़ी ताकत, ऊर्जा, प्रेरणा एवं रक्षा कवच है: प्रधानमंत्री मोदी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि उन्हें ‘‘लाखों माताओं’’ का आशीर्वाद प्राप्त है और यह उनके लिए बहुत बड़ी ताकत, ऊर्जा, प्रेरणा एवं रक्षा कवच है।
श्योपुर (मप्र), 17 सितंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि उन्हें ‘‘लाखों माताओं’’ का आशीर्वाद प्राप्त है और यह उनके लिए बहुत बड़ी ताकत, ऊर्जा, प्रेरणा एवं रक्षा कवच है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस भी क्षेत्र में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ा है, उसमें सफलता अपने आप मिल जाती है।
शनिवार सुबह अपने जन्मदिन के मौके पर श्योपुर जिले के कराहल कस्बे के मॉडल स्कूल मैदान में महिला स्वयं सहायता समूह के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘‘अभी हमारे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी ने एवं केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने मेरे जन्मदिन को याद किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे (अपना जन्मदिन) ज्यादा याद नहीं रहता है। लेकिन सुविधा रही और अगर कोई कार्यक्रम दिन में नहीं है, तो आमतौर पर मेरा प्रयास रहता है कि मैं अपनी मां के पास जाऊं और उनका चरण छू कर आशीर्वाद लूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज मैं मां के पास तो नहीं जा सका, लेकिन मध्यप्रदेश के आदिवासी अंचल के एवं अन्य समाज के गांव-गांव में मेहनत करने वाली ये लाखों माताएं मुझे आशीर्वाद दे रही हैं।’’
मोदी ने कहा, ‘‘ये दृश्य आज जब मेरी मां देखेंगी तो उनको जरूर संतोष होगा कि भले बेटा आज उसके पास नहीं गया, लेकिन लाखों माताओं ने मुझे आशीर्वाद दिया है। मेरी मां को आज ज्यादा प्रसन्नता होगी ।’’
उन्होंने कहा कि पिछली शताब्दी के भारत और इस शताब्दी के नए भारत में एक बहुत बड़ा अंतर हमारी नारी शक्ति के प्रतिनिधित्व के रूप में आया है। आज के नए भारत में पंचायत भवन से लेकर राष्ट्रपति भवन तक में नारीशक्ति का परचम लहरा रहा है।
मोदी ने कहा, ‘‘जिस भी क्षेत्र में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ा है, उस क्षेत्र में उस कार्य में सफलता अपने आप तय हो जाती है। स्वच्छ भारत अभियान की सफलता इसका बेहतरीन उदाहरण है, जिसको महिलाओं ने नेतृत्व दिया है।’’
उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों में स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने में हमने हर प्रकार से मदद की है। आज पूरे देश में आठ करोड़ से अधिक बहनें इस अभियान से जुड़ी हैं। हमारा लक्ष्य है कि हर ग्रामीण परिवार से कम से कम एक बहन इस अभियान से जुड़े।
मोदी ने कहा कि गांव की अर्थव्यवस्था में महिला उद्यमियों को आगे बढ़ाने के लिए एवं उनके लिए नई संभावनाएं बनाने के लिए हमारी सरकार निरंतर काम कर रही है। 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट' के माध्यम से हम हर जिले के लोकल उत्पादों को बड़े बाज़ारों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सितंबर का ये महीना देश में पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है। भारत की कोशिशों से संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2023 को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मोटे अन्नाज के वर्ष के रूप में मनाने की घोषणा की है।
मोदी ने कहा कि देश में 11 करोड़ से ज्यादा शौचालय बनाकर, नौ करोड़ से ज्यादा गैस कनेक्शन देकर और करोड़ों परिवारों में नल से जल देकर आपका जीवन आसान बनाया है।
उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से ही देश महिलाओं की गरिमा बढ़ाने एवं महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों के समाधान में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि शौचालय के अभाव में जो दिक्कतें आती थीं, रसोई में लकड़ी के धुएं से जो तकलीफ होती थी, वो आप अच्छी तरह जानती हैं।
मोदी ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण उन्हें समाज में भी उतना ही सशक्त करता है। उन्होंने बताया कि हमारी सरकार ने बेटियों के लिए बंद दरवाजे को खोल दिया है। बेटियां अब सैनिक स्कूलों में भी दाखिला ले रही हैं, पुलिस कमांडो भी बन रही हैं और फौज में भी भर्ती हो रही हैं।
मोदी ने कहा कि आज मध्यप्रदेश में स्व-सहायता समूह द्वारा राज्य में 10 लाख पौधों का रोपण भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘कल तक आप स्व-सहायता समूह थे, लेकिन आज आप राष्ट्र सहायता समूह बन चुके हैं। राष्ट्र की सहायता कर रहे हैं। महिला स्व-सहायता समूह की यही ताकत आज विकिसत भारत, आत्मनिर्भर भारत बनाने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।’’
इससे पहले सुबह मोदी ने मध्यप्रदेश के कुनो राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) में नामीबिया से भारत में बसाने के लिए ‘प्रोजेक्ट चीता’ के तहत लाए गए चीतों को विशेष बाड़े में छोड़ा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)