एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | पेशावर की शिया मस्जिद में जुमे की नमाज़ के दौरान विस्फोट, 35 की मौत, 80 जख्मी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान के उत्तर पश्चिमी शहर पेशावर में जुमे (शुक्रवार) की नमाज़ के दौरान एक शिया मस्जिद में शक्तिशाली आत्मघाती बम विस्फोट में कम से कम 35 लोगों की मौत हो गई और 80 से ज्यादा लोग जख्मी हो गए। यह अफगानिस्तान की सरहद से लगते अशांत प्रांत में सबसे घातक हमलों में से एक है।

विदेश की खबरें | पेशावर की शिया मस्जिद में जुमे की नमाज़ के दौरान विस्फोट, 35 की मौत, 80 जख्मी

पेशावर, चार मार्च पाकिस्तान के उत्तर पश्चिमी शहर पेशावर में जुमे (शुक्रवार) की नमाज़ के दौरान एक शिया मस्जिद में शक्तिशाली आत्मघाती बम विस्फोट में कम से कम 35 लोगों की मौत हो गई और 80 से ज्यादा लोग जख्मी हो गए। यह अफगानिस्तान की सरहद से लगते अशांत प्रांत में सबसे घातक हमलों में से एक है।

एक बचाव अधिकारी ने बताया कि विस्फोट किस्सा ख्वानी बाजार इलाके में स्थित जामिया मस्जिद में उस वक्त हुआ जब लोग जुमे की नमाज अदा कर रहे थे।

विस्फोट की जिम्मेदारी किसी भी समूह ने फौरन नहीं ली है।

‘डॉन’ अखबार की खबर के मुताबिक, ‘लेडी रीडिंग’ अस्पताल के मीडिया प्रबंधक आसिम खान ने बताया कि अब तक अस्पताल में 30 शव लाए गए हैं। मृतक संख्या में इज़ाफा हो सकता है।

अखबार के मुताबिक, खैबर पख्तूनख्वाह के मंत्री कामरान बंगश ने कहा है कि कम से कम 80 लोग जख्मी हुए हैं।

मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए पेशावर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (अभियान) हारून रशीद खान ने कहा कि हमला आत्मघाती विस्फोट था।

उन्होंने कहा कि दो हमलावर थे जिनमें से सिर्फ एक ही आत्मघाती था।

अस्पताल में आपातकाल घोषित कर दिया गया है और छुट्टी पर गए डॉक्टरों को ड्यूटी के लिए बुलाया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि 10 घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

राजधानी शहर पेशावर के पुलिस अधिकारी एजाज़ अहसन ने बताया कि दो हमलावरों ने मस्जिद में घुसने की कोशिश की और वहां तैनात पुलिस कर्मियों पर गोलीबारी की।

उन्होंने बताया कि इसमें एक पुलिस कर्मी की मौत हो गई है जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। अहसन ने बताया कि गोलीबारी के बाद विस्फोट हुआ।

राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने विस्फोट की निंदा करते हुए इसमें जन हानि पर दुख जताया है।

प्रधानमंत्री इमरान खान ने पेशावर में हुए विस्फोट की कड़ी निंदा की जबकि गृह मंत्री शेख रशीद अहमद ने प्रांत के मुख्य सचिव और पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) से घटना पर रिपोर्ट मांगी है।

खैबर पख्तूनख्वाह के मुख्यमंत्री महमूद खान ने विस्फोट की निंदा करते हुए इस जघन्य कृत्य के गुनाहगारों को इंसाफ के दायरे में लाने का संकल्प लिया।

उन्होंने कहा कि इबादतगाहों में लोगों को निशाना बनाना अमानवीय और ज़ालिम कृत्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों का बेहतरीन इलाज सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अफगानिस्तान की सीमा से लगते प्रांत में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के लिए अपने सरकारी आवास पर एक आपात बैठक की है।

पीएमएल-एन के प्रमुख और राष्ट्रीय असेम्बली में विपक्ष के नेता शहबाज़ शरीफ ने ट्वीट किया, “ पेशावर में दुखद आतंकवादी घटना हुई है जिसमें कई सारी कीमती जानें चली गई हैं। इस क्रूरता की निंदा करने के लिए शब्द नाकाफी हैं।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 04, 2022 06:21 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).