देश की खबरें | उत्तर प्रदेश में प्रत्येक बूथ पर 100 सदस्य जोड़ने, डेढ़ करोड़ नए सदस्य बनाने का भाजपा का लक्ष्य
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को ‘बूथ विजय अभियान’ की शुरुआत करते हुए हर बूथ पर 100 नये सदस्य जोड़ने और प्रदेश में डेढ़ करोड़ नये सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है।
लखनऊ, 11 सितंबर भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को ‘बूथ विजय अभियान’ की शुरुआत करते हुए हर बूथ पर 100 नये सदस्य जोड़ने और प्रदेश में डेढ़ करोड़ नये सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय द्वारा शनिवार को जारी बयान के अनुसार, पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने ‘बूथ विजय अभियान’ के अवसर पर कहा कि प्रदेश के एक लाख 63 हजार बूथों को 27,700 शक्ति केंद्रों से जोड़कर योजना बनाई गई है। प्रत्येक बूथ पर विजय प्राप्त करने की योजना भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई द्वारा तैयार की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 1,58,000 बूथों पर भाजपा की बूथ समितियां गठित हैं जिनमें भाजपा के 30 लाख से अधिक कार्यकर्ता सम्मिलित हैं।
बंसल ने बताया कि पार्टी द्वारा पिछले दिनों बूथ समितियों के सत्यापन का काम पूरा किया गया और शनिवार से पन्ना प्रमुख बनाने का अभियान प्रारंभ हो गया। 20 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान में मतदाता सूची के प्रत्येक पन्ने के लिए एक व्यक्ति को पन्ना प्रमुख बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 27,700 शक्ति केंद्रों पर संयोजक व प्रभारी तथा बूथ समितियां तैयार कर पार्टी ने संगठन का मजबूत ढांचा तैयार किया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्येक बूथ पर 100 नए सदस्य जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान प्रारंभ करेगी और प्रदेश में डेढ़ करोड़ नए सदस्य बनाएगी।
बंसल ने कहा कि प्रत्येक परिवार तथा प्रत्येक मतदाता तक पहुंचना ही ‘बूथ विजय अभियान’ का लक्ष्य है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)