एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भाजपा के ‘भ्रय और भ्रम का मायाजाल’ टूटा, मोदी-शाह की राजनीतिक साख में गिरावट: कांग्रेस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने शनिवार को दावा किया कि विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा उपचुनावों में लोगों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अहंकार, कुशासन और नकारात्मक राजनीति को सिरे से नकार दिया है तथा ये नतीजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की गिरती राजनीतिक साख का भी प्रमाण हैं।

देश की खबरें | भाजपा के ‘भ्रय और भ्रम का मायाजाल’ टूटा, मोदी-शाह की राजनीतिक साख में गिरावट: कांग्रेस

नयी दिल्ली, 13 जुलाई कांग्रेस ने शनिवार को दावा किया कि विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा उपचुनावों में लोगों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अहंकार, कुशासन और नकारात्मक राजनीति को सिरे से नकार दिया है तथा ये नतीजे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की गिरती राजनीतिक साख का भी प्रमाण हैं।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने यह भी कहा कि भाजपा के ‘‘भय और भ्रम का मायाजाल’’ टूट गया है।

देश के सात राज्यों की 13 विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के शनिवार को आये नतीजों में ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों ने 10 सीट और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दो सीट पर जीत दर्ज की, जबकि एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार की जीत हुई।

विधानसभा उपचुनाव के लिए बुधवार को पश्चिम बंगाल की चार, हिमाचल प्रदेश की तीन, उत्तराखंड की दो, पंजाब, मध्य प्रदेश, बिहार और तमिलनाडु की एक-एक सीट पर मतदान हुआ था।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘विधानसभा उपचुनाव के सकारात्मक परिणाम के लिए हम जनता के सामने नतमस्तक है। उन्होंने जहां-जहां कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों के लिए वोट किया, इसके लिए उनका तहेदिल से धन्यवाद व आभार। विपरीत परिस्थितियों में सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और प्रयासों के लिए हम उनका अभिवादन करते हैं।’’

उन्होंने कहा कि यह जीत दर्शाती है कि जनता ने भाजपा के अहंकार, कुशासन और नकारात्मक राजनीति को सिरे से नकार दिया है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने यह दावा भी किया, ‘‘यह मोदी-शाह जी की गिरती राजनीतिक साख का भी प्रबल प्रमाण है।’’

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सात राज्यों में हुए उपचुनाव के नतीजों ने स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा द्वारा बुना गया ‘भय और भ्रम’ का जाल टूट चुका है। किसान, नौजवान, मज़दूर, व्यापारी और नौकरीपेशा समेत हर वर्ग तानाशाही का समूल नाश कर न्याय का राज स्थापित करना चाहता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अपने जीवन की बेहतरी और संविधान की रक्षा के लिए जनता अब पूरी तरह से ‘इंडिया’ गठबंधन के साथ खड़ी है। जय हिंदुस्तान, जय संविधान।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सात राज्यों की 13 सीट पर हुए उपचुनाव में देश की जनता ने अपना समर्थन ‘इंडिया’ गठबंधन को दिया है। देवभू​मि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा जताया है। कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी जीते हुए प्रत्याशियों को बहुत-बहुत बधाई।’’

उन्होंने कहा कि देश की जनता यह समझ चुकी है कि 100 साल पीछे और 100 साल आगे भटकाने वाली राजनीति से देश का भला नहीं होने वाला है।

प्रियंका गांधी का कहना था, ‘‘जनता को सकारात्मक राजनीति चाहिए, जो वर्तमान को बेहतर करे और भविष्य के उज्ज्वल होने का स्पष्ट खाका तैयार करे। हम युवा भारत की जरूरतों और आकांक्षाओं के प्रति संकल्पबद्ध हैं।’’

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘उत्तराखंड में दोनों विधानसभा उपचुनाव भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने जीते हैं। भाजपा की घटिया चालों का सामना करते हुए मंगलौर को बसपा से छीना गया। बदरीनाथ में निवर्तमान विधायक कांग्रेस के थे, जो लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा में शामिल हो गए थे। जनता ने उन्हें सही सजा दी है और कांग्रेस फिर से सीट जीत गई है।’’

उन्होंने कहा कि दोनों ही तरह से नतीजे देश में बदलते राजनीतिक माहौल को दर्शाते हैं।

हिमाचल में कांग्रेस के तीन में से दो सीट जीतने पर रमेश ने कहा, ‘‘हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सभी चालें बुरी तरह विफल हो गई हैं। कांग्रेस ने निर्दलीयों के क़ब्जे वाली विधानसभा सीटों में से दो पर जीत हासिल की है, जिन्हें ‘ऑपरेशन लोटस’ के तहत लालच देकर भाजपा ने अपने तरफ़ कर लिया था। नतीजे कांग्रेस की और मजबूत होती स्थिति और भाजपा के प्रति जनता की नाराजगी को दर्शाते हैं।’’

कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि भाजपा की राजनीति को लोग ठुकरा रहे हैं, क्योंकि भाजपा की राजनीति में जवाबदेही का स्थान नहीं है, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति सम्मान नहीं है है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी लोगों के सवाल का जवाब देना जरूरी नहीं समझते। जनता को भाजपा की राजनीति में घमंड दिखता है।’’

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 13, 2024 09:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).