देश की खबरें | भाजपा की नजर दक्षिण के राज्यों पर, हैदराबाद में दो जुलाई से राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिण के राज्यों में पांव पसारने की कोशिशों के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आगामी दो जुलाई से राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक आयोजित करने जा रही है। दक्षिण के इस प्रमुख राज्य में हाल के वर्षों में भाजपा ने तेजी से अपना जनाधार बढ़ाया है।
नयी दिल्ली, एक जून दक्षिण के राज्यों में पांव पसारने की कोशिशों के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आगामी दो जुलाई से राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक आयोजित करने जा रही है। दक्षिण के इस प्रमुख राज्य में हाल के वर्षों में भाजपा ने तेजी से अपना जनाधार बढ़ाया है।
पांच वर्षों के अंतराल के बाद भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की यह पहली बैठक होगी जो राष्ट्रीय राजधानी से बाहर हो रही है। वर्ष 2014 में केंद्र की सत्ता में आने के बाद भाजपा की यह तीसरी बैठक होगी जो किसी दक्षिण भारतीय राज्य में आयोजित की जा रही है। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी निर्णय लेने वाला पार्टी का एक प्रमुख निकाय है, जिसमें देश भर के प्रमुख नेता शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित सभी वरिष्ठ नेता और मंत्री तथा पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री इस बैठक में शामिल होंगे।
इससे पहले 2015 में कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में और 2016 में केरल के कोझिकोड़ में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई थी।
हैदाराबाद में भाजपा की यह बैठक ऐसे समय में होने जा रही है जब पार्टी इस राज्य में अपने पैर पसारने की पुरजोर कोशिशों में लगी हुई है। भाजपा को चुनौती देने के लिए तेलंगाना के मुख्यमंत्री और तेलंगाना राष्ट्रीय समिति (टीआरएस) के मुखिया के चंद्रशेखर राव राष्ट्रीय स्तर पर एक व्यापक विपक्षी गठबंधन को स्वरूप देने का प्रयास कर रहे हैं। इस कड़ी में वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकात भी कर चुके हैं।
राज्य की जनता के बीच पैठ बनाने के लिए भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष बी संजय कुमार ने राज्य भर में दो चरणों में ‘‘प्रजा संग्राम यात्रा’’निकाली है। इस यात्रा के विभिन्न चरणों में शाह और नड्डा जैसे पार्टी के वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए हैं।
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में देश भर में संगठन के कामकाज और उसके विस्तार की समीक्षा की जाती है और भविष्य की रूपरेखा तैयार की जाती है। इस प्रकार की बैठकों में आम तौर पर पार्टी की ओर से एक राजनीतिक और एक आर्थिक प्रस्ताव भी पारित किया जाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 01, 2022 07:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

