एजेंसी न्यूज

ताजा खबरें | भाजपा का '400 पार' का नारा केवल 'जुमला': आप नेता संजय सिंह

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में 400 से ज्यादा सीट जीतने का उसका दावा मात्र ‘जुमला’ है।

ताजा खबरें | भाजपा का '400 पार' का नारा केवल 'जुमला': आप नेता संजय सिंह

कुरुक्षेत्र, छह मई आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में 400 से ज्यादा सीट जीतने का उसका दावा मात्र ‘जुमला’ है।

आप के राज्यसभा सदस्य ने दावा किया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ चुनाव में निश्चित रूप से 300 सीट पर जीत दर्ज करेगा। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा का 400 सीट जीतने का दावा केवल एक ‘जुमला’ है। ’’

संजय सिंह आप की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष सुशील गुप्ता के लिए चुनाव-प्रचार कर रहे थे जिन्हें पार्टी ने कुरुक्षेत्र से अपना उम्मीदवार बनाया है।

विपक्षी गठबंधन का हिस्सा आप हरियाणा की एकमात्र कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही है जबिक शेष नौ पर कांग्रेस के प्रत्याशी मैदान में हैं।

सिंह ने दावा किया कि केंद्र की भाजपा सरकार के पास अपने पिछले 10 वर्षों के दौरान किए गए कार्यों के बारे में कहने के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने कुरुक्षेत्र के मतदाताओं से आप उम्मीदवार को जीताने की अपील की।

आप नेताओं ने दावा किया कि इस निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 80 गांव के सरपंचों ने सोमवार को गुप्ता को अपना समर्थन दिया।

सिंह ने इस बात का जिक्र करते हुए दावा किया कि इन ग्राम सरपंचों ने ‘लोकतंत्र और देश के संविधान को बचाने के लिए ‘इंडिया’गठबंधन के उम्मीदवारों से हाथ मिलाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश के लोकतंत्र और संविधान को नष्ट करने पर आमादा है।

सिंह ने कहा कि कुरुक्षेत्र महाभारत की भूमि है जहां भगवान कृष्ण ने पवित्र गीता का संदेश दिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘महाभारत अन्याय के खिलाफ न्याय की लड़ाई थी।’’

संजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए दावा किया,‘‘इसी तरह कुरुक्षेत्र के लोगों ने ‘अन्याय’ के खिलाफ लड़ाई जीतने के लिए विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार को समर्थन देने का फैसला किया है।’’

हरियाणा की सभी दस लोकसभा सीट पर चुनाव के छठे चरण में 25 मई को मतदान होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 06, 2024 06:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).