देश की खबरें | संसदीय बोर्ड की बैठक में उपराष्ट्रपति उम्मीदवार को चुनेगी भाजपा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संसदीय बोर्ड उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में अपने उम्मीदवार के चयन के लिए शनिवार शाम को बैठक करेगा।

नयी दिल्ली, 16 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संसदीय बोर्ड उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में अपने उम्मीदवार के चयन के लिए शनिवार शाम को बैठक करेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता इस बैठक में भाग लेंगे। इसके अलावा 18 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव से पहले भाजपा के सभी सांसदों की एक और बैठक होगी। राष्ट्रपति पद के चुनाव में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा से स्पष्ट रूप से मजबूत स्थिति में हैं।

भाजपा ने राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए मुर्मू का चयन किया। यदि मुर्मू चुनाव जीत जाती हैं, तो वह देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति होंगी। राजनीतिक विश्लेषक अब यह देखने को उत्सुक हैं कि क्या पार्टी उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए अपने किसी अधिक अनुभवी नेता को चुनेगी।

पार्टी ने 2017 में राष्ट्रपति पद के लिए बिहार के तत्कालीन राज्यपाल राम नाथ कोविंद को चुनकर सभी को हैरान कर दिया था। उसने उपराष्ट्रपति पद के लिए तत्कालीन कैबिनेट मंत्री एम वैंकेया नायडू को उम्मीदवार बनाया था, जो भाजपा के पूर्व अध्यक्ष हैं।

कोविंद और नायडू ने देश के दो सर्वोच्च संवैधानिक पदों पर आसानी से जीत हासिल कर ली थी।

भाजपा इस बार भी अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए मजबूत स्थिति में है।

देश के उपराष्ट्रपति को चुनने के लिए निर्वाचक मंडल में संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य शामिल होते हैं।

संसद में सदस्यों की मौजूदा संख्या 780 है, जिनमें से केवल भाजपा के 394 सांसद हैं, जबकि जीत के लिए 390 से अधिक मतों की आवश्यकता होती हैं

मौजूदा उपराष्ट्रपति नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त होगा।

नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 19 जुलाई है और चुनाव छह अगस्त को होगा।

संसदीय बोर्ड भाजपा की शीर्ष संगठनात्मक इकाई है। मोदी, पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा के अलावा केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी समेत कई अन्य नेता संसदीय बोर्ड में शामिल हैं।

भाजपा उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) जैसे सहयोगी दलों से विचार-विमर्श करेगी। वह उम्मीदवार के चयन को लेकर सर्वसम्मति बनाने के लिए विभिन्न दलों से बात करेगी। इस बात के संकेत हैं कि विपक्ष राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की तरह उपराष्ट्रपति पद के लिए भी अपने उम्मीदवार को खड़ा करेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\