देश की खबरें | कस्बा पेठ उपचुनाव जीतने की दिशा में काम कर रही भाजपा असावधान नहीं रहेगी : चंद्रकांत पाटिल

पुणे (महाराष्ट्र), 23 जनवरी महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कस्बा पेठ उपचुनाव में निर्विरोध चुनाव की कामना की थी, लेकिन विपक्ष इस उपचुनाव को लड़ना चाहता है इसलिए पार्टी जीत सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रही है।

चिंचवाड़ और कस्बा पेठ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भाजपा के मौजूदा विधायकों के निधन के बाद जरूरी हो गया है।

निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार उपचुनाव 27 फरवरी को होंगे और परिणाम दो मार्च को घोषित किए जाएंगे।

पाटिल ने अपने निवास पर एक बैठक की अध्यक्षता की जिसमें पार्टी की पुणे इकाई के अध्यक्ष जगदीश मलिक, राज्य महासचिव मुरीधर मोहोल, संजय काकड़े, विधायक भीमराव तपकीर और अन्य नेताओं की उपस्थिति देखी गई।

पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा नेता ने कहा, ‘‘सभी को लगा कि कस्बा पेठ निर्वाचन क्षेत्र के लिए उपचुनाव निर्विरोध होना चाहिए। हालांकि, महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के कुछ नेता नहीं चाहते कि यह चुनाव निर्विरोध रहे। इसलिए, हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करना शुरू कर दिया है। हम असावधान नहीं रहेंगे।’’ उन्होंने कहा कि कस्बा पेठ परंपरागत रूप से भाजपा का निर्वाचन क्षेत्र रहा है और मतदाता पार्टी से प्यार करते हैं।

पाटिल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता आगामी उपचुनावों में वोट के अंतर को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, जो सांसद गिरीश बापट के मार्गदर्शन और पार्टी के नगर अध्यक्ष जगदीश मलिक के नेतृत्व में चलेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)