एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | उप्र में भाजपा दूसरे चरण का सदस्यता अभियान एक अक्टूबर से शुरू करेगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यता अभियान का दूसरा चरण मंगलवार एक अक्टूबर से शुरू होकर 15 अक्टूबर तक चलेगा और पार्टी दो करोड़ से अधिक सदस्य बनाएगी।

देश की खबरें | उप्र में भाजपा दूसरे चरण का सदस्यता अभियान एक अक्टूबर से शुरू करेगी

लखनऊ, 30 सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यता अभियान का दूसरा चरण मंगलवार एक अक्टूबर से शुरू होकर 15 अक्टूबर तक चलेगा और पार्टी दो करोड़ से अधिक सदस्य बनाएगी।

राजधानी लखनऊ के विश्वेश्वरैया सभागार में सोमवार को हुई पार्टी की बैठक में यह फैसला लिया गया। जिसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बैठक में सदस्यता अभियान की समीक्षा की तथा द्वितीय चरण में अभियान की सफलता के लिए आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की। भाजपा ने एक बयान में यह जानकारी दी।

बयान के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से सदस्यता अभियान का प्रथम चरण ऐतिहासिक रूप से सफल हुआ है।

उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान का द्वितीय चरण एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी की प्रदेश इकाई ने दो करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य लिया था। पार्टी प्रदेश में दो करोड़ सदस्य बनाने के लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाएगी। बड़ी संख्या में पार्टी के सक्रिय सदस्य बनेंगे, जो आगामी समय में पार्टी के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करेंगे। हमारा प्रयास होना चाहिए हम सभी से संपर्क करें और सभी को भाजपा से जोड़ने का प्रयास करें। ’’

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा, ’’ हमें एक से पन्द्रह अक्टूबर तक शिविर सदस्यता अभियान के माध्यम से समूह में लोगों को पार्टी से जोड़ना है। इसके लिए चौराहों, नुक्कड़ों, कॉलेज परिसरों सहित सभी सार्वजनिक स्थानों पर शिविर लगाकर पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा कार्यकर्ता सदस्यता के माध्यम से लोगों को भाजपा के साथ जोड़ेंगे।’’

उन्होंने कहा कि पार्टी ने प्रदेश में दो करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य लिया था और अभी तक उत्तर प्रदेश में एक करोड़ 67 लाख से अधिक मतदाता सदस्य के रूप में भाजपा से जुड़ चुके हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 30, 2024 08:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).