देश की खबरें | कर्नाटक में भाजपा सशस्त्र बलों के लिए मंदिरों में विशेष प्रार्थना करेगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर कर्नाटक की भाजपा इकाई ने राज्यभर के मंदिरों में सशस्त्र बलों की कुशलता के लिए विशेष प्रार्थनाएं करने का निर्णय लिया है।
बेंगलुरु, आठ मई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर कर्नाटक की भाजपा इकाई ने राज्यभर के मंदिरों में सशस्त्र बलों की कुशलता के लिए विशेष प्रार्थनाएं करने का निर्णय लिया है।
राज्य भाजपा अध्यक्ष बी. वाय. विजयेंद्र ने बृहस्पतिवार को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ यहां एक मंदिर में प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्णय के बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत मंगलवार रात भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाकर मिसाइल हमलों को अंजाम दिया ।
विजयेंद्र ने कहा, ‘‘हमने भारत की सफलता और हमारे सशस्त्र बलों की शक्ति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है क्योंकि आतंकवाद केवल भारत की ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की समस्या है। हमने आतंकवाद के खात्मे के लिए प्रार्थना की।’’
विजयेंद्र ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने राज्य के सभी जिलों और तालुकों में पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे आज और कल मंदिरों में विशेष पूजा का आयोजन करें।’’
कर्नाटक के हिंदू धार्मिक संस्थान और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के तहत आने वाले सभी मंदिरों में भी सशस्त्र बलों की कुशलता के लिए विशेष प्रार्थनाएं आयोजित की जा रही हैं। यह आयोजन धार्मिक न्यास मंत्री रामलिंगा रेड्डी के निर्देश पर हो रहे हैं।
विभाग के आयुक्त ने इस संबंध में एक परिपत्र भी जारी किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)