देश की खबरें | भाजपा रमेश बिधूड़ी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाएगी : केजरीवाल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी को आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार चुना है और जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी।
नयी दिल्ली, 11 जनवरी आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी को आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार चुना है और जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी।
केजरीवाल ने यहां संवाददाता सम्मेलन में बिधूड़ी को सार्वजनिक बहस की चुनौती भी दी।
केजरीवाल ने दावा किया, ‘‘हमें विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि भाजपा अगले एक-दो दिन में रमेश बिधूड़ी को अपना मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित करने जा रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आप और भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवारों के बीच खुली सार्वजनिक बहस होनी चाहिए, चाहे वह रमेश बिधूड़ी हों या कोई और।’’
केजरीवाल ने संवाददाताओं के सवालों पर कहा, ‘‘हां, हम भाजपा को बहस के लिए चुनौती दे रहे हैं।’’
भाजपा ने कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से बिधूड़ी को मैदान में उतारा है। बिधूड़ी का मुकाबला आप उम्मीदवार और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी से होगा, जो इस सीट से दोबारा चुनाव लड़ रही हैं।
आतिशी ने भी शुक्रवार को यह दावा किया था कि भाजपा बिधूड़ी को अपना मुख्यमंत्री चेहरा बनाने जा रही है। आतिशी ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि उसने एक ऐसे नेता को चुना है जो ‘‘सबसे ज़्यादा गालियां देता है।’’ आतिशी के बारे में बिधूड़ी की हालिया टिप्पणी ने विवाद खड़ा कर दिया।
बिधूड़ी ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के बारे में भी टिप्पणी की थी, जिसे लेकर भाजपा नेता की काफी आलोचना हुई थी।
दिल्ली की 70-सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच फरवरी को मतदान होगा और मतगणना आठ फरवरी को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 11, 2025 08:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

