देश की खबरें | भाजपा आने वाले दिनों में बीआरएस, कांग्रेस, एआईएमआईएम को बेनकाब करेगी : भाजपा प्रवक्ता

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तेलंगाना में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) पर भ्रष्टाचार और पारिवारिक शासन का आरोप लगाते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी ही राज्य के लिए एकमात्र विकल्प है क्योंकि यह विकास पर ध्यान केंद्रित करते हुए भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाती है।

हैदराबाद, 17 अगस्त तेलंगाना में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) पर भ्रष्टाचार और पारिवारिक शासन का आरोप लगाते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी ही राज्य के लिए एकमात्र विकल्प है क्योंकि यह विकास पर ध्यान केंद्रित करते हुए भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाती है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीआरएस, कांग्रेस और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के बीच एक ‘‘अपवित्र गठबंधन’’ है।

दिल्ली आबकारी नीति घोटाले में बीआरएस की विधान पार्षद (एमएलसी) के. कविता के खिलाफ आरोपों का जिक्र करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रवक्ता ने दावा किया कि कविता के सिर पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘भाजपा जांच एजेंसियों के कामकाज में हस्तक्षेप नहीं करती है, लेकिन उसकी नीति भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करने की है।’’

जफर इस्लाम ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया, ‘‘चाहे जमीन से जुड़ा घोटाला हो या परियोजनाओं से जुड़ा घोटाला, यह सरकार ‘घोटालेबाज’ सरकार बन गई है। इसका काम भ्रष्टाचार करना और परिवार और परिवार से जुड़े लोगों को लाभ पहुंचाना है।

भाजपा नेता ने कहा कि बीआरएस सांसद संसद में व्यवधान पैदा करने और नारेबाजी में शामिल थे, जो ‘‘दिखाता है कि वे विपक्षी दलों के साथ हैं।’’

उन्होंने कहा कि तेलंगाना की जनता ‘‘स्वच्छ शासन’’ सुनिश्चित करने के लिए भाजपा को विकल्प के रूप में देखती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा आने वाले दिनों में बीआरएस, कांग्रेस और एआईएमआईएम को पूरी तरह बेनकाब करेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\