देश की खबरें | भाजपा देश के संविधान को नष्ट कर देगी: महबूबा मुफ्ती
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को केंद्र में सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश के संविधान को नष्ट कर देगी और तिरंगे की जगह भगवा झंडा फहरा देगी।
श्रीनगर, सात जनवरी जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को केंद्र में सत्तारूढ़ दल पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश के संविधान को नष्ट कर देगी और तिरंगे की जगह भगवा झंडा फहरा देगी।
अपने पिता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद की सातवीं पुण्यतिथि के अवसर पर एक कार्यक्रम में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) प्रमुख ने यह भी कहा कि कोई भी देश अपने ही लोगों के खिलाफ युद्ध नहीं जीत सकता है।
महबूबा मुफ्ती ने दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग के बिजबेहरा इलाके में एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘उनका (सईद) यह विश्वास था कि यदि कोई देश शक्तिशाली है तो भी वह अपने ही लोगों के खिलाफ युद्ध नहीं जीत सकता। अगर यह सच नहीं होता, तो अमेरिका वियतनाम से पीछे नहीं हटता, या बांग्लादेश पाकिस्तान से अलग नहीं होता।’’
मुफ्ती ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि वह देश के राष्ट्रीय ध्वज की जगह भगवा झंडा लगा देगी। पीडीपी अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हम अपने देश के लोगों को बताना चाहते हैं कि भाजपा ने 2019 में हमारे संविधान को नष्ट कर दिया, आने वाले समय में वह इस देश के संविधान को नष्ट कर देगी। उन्होंने (भाजपा) हमारे झंडे को छीन लिया, और आने वाले समय में, वे तिरंगा छीन लेंगे, जिसके लिए देश की जनता ने अपना खून दिया था। वे तिरंगे की जगह भगवा झंडा लगा देंगे।’’
उन्होंने कहा कि भाजपा ने न केवल जम्मू कश्मीर के संविधान को नष्ट किया, बल्कि भारत के संविधान को भी कमजोर कर दिया है। मुफ्ती ने कहा, ‘‘(अनुच्छेद) 370 को निरस्त करके, उन्होंने देश के संविधान को भी नष्ट कर दिया।’’
मुफ्ती ने कहा कि एक समय था जब अदालत ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के खिलाफ फैसला सुनाया था। उन्होंने कहा, ‘‘आज, हमारे प्रधान न्यायाधीश कहते हैं कि अदालतें जमानत देने से डरती हैं। आपको अंतर देखना होगा। अब वे बेगुनाहों को जमानत देने से डर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि पूर्व में जब दंगे होते थे, तो मीडिया सरकार से सवाल करता था, लेकिन आज मीडिया ‘डर’ गया है। उन्होंने कहा, ‘‘अगर आज मीडिया ने बात की होती, तो स्टैन स्वामी की जेल में मौत नहीं होती। मीडिया ने देखा होता कि कैसे जम्मू कश्मीर एक सैन्य छावनी बन गया है। हर जगह सेना है।’’
पीडीपी अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का सेना के साथ कोई मतभेद नहीं है और उन्होंने अपना काम किया है, लेकिन पूछा कि अगर स्थिति में सुधार हुआ है, तो सैनिकों को वापस बैरकों में क्यों नहीं भेजा जाता है।
मुफ्ती ने कहा, ‘‘अगर भाजपा कहती है कि जम्मू कश्मीर में स्थिति में सुधार हुआ है, तो सैनिकों को वापस बैरकों में भेज दें। फिर आफस्पा (सशस्त्र बल विशेषाधिकार कानून) को वापस ले लिया जाना चाहिए। हालांकि, आप इसके विपरीत कर रहे हैं। आप अधिक सैनिकों को ला रहे हैं, आप यहां लोगों को हथियार दे रहे हैं। कैसे यह काम करेगा?’’
उन्होंने कहा कि कई लोग पूछते हैं कि अगर सईद जिंदा होते तो क्या करते? मुफ्ती ने कहा, ‘‘अगर वह होते, तो उनका दिल टूट जाता। यह उनका भारत नहीं है। यह गोडसे का भारत है। हम इस भारत के साथ नहीं, बल्कि (महात्मा) गांधी, (जवाहर लाल) नेहरू और अबुल कलाम आजाद के भारत के साथ शामिल हुए।’’
भाजपा पर संस्थाओं को नष्ट करने का आरोप लगाते हुए मुफ्ती ने कहा कि लोगों का दमन, युवाओं को गिरफ्तार और कर्मचारियों को बर्खास्त किया जा रहा है।
महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने कहा कि जिस भारत में वह पली-बढ़ीं और आज के भारत में बहुत अंतर है। एक संवाददाता द्वारा उनकी मां महबूबा मुफ्ती की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर इल्तिजा ने कहा, ‘‘क्रिसमस के मौके पर कई जगहों पर मदर मैरी की मूर्तियों को तोड़ा गया। यह गांधी का नहीं, गोडसे का भारत है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 07, 2023 07:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

