एजेंसी न्यूज

विधानसभा चुनाव के बाद झारखंड से भाजपा का सफाया हो जाएगा: हेमंत सोरेन

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को भाजपा पर उनके खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया और दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा का राज्य से सफाया हो जाएगा.

विधानसभा चुनाव के बाद झारखंड से भाजपा का सफाया हो जाएगा: हेमंत सोरेन
Hemant Soren Photo Credits: IANS

रांची, 29 जून : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को भाजपा पर उनके खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया और दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा का राज्य से सफाया हो जाएगा. अपने आवास पर झामुमो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सोरेन ने कहा कि उन्हें जेल में बंद करने की साजिश रचने वालों के खिलाफ विद्रोह होगा और झारखंड के लोग भाजपा को नहीं बख्शेंगे.

झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा, ‘‘भाजपा के ताबूत में आखिरी कील ठोकने का समय आ गया है. आने वाले दिनों में झारखंड से भाजपा का सफाया हो जाएगा.’’ धन शोधन के एक मामले में झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा जमानत दिए जाने के बाद सोरेन को शुक्रवार को बिरसा मुंडा जेल से रिहा किया गया. झामुमो नेता को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 8.36 एकड़ भूमि पर अवैध कब्जे से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में 31 जनवरी को गिरफ्तार किया था. यह भी पढ़ें : कथावाचक प्रदीप मिश्रा ने बरसाना पहुंचकर राधा रानी से नाक रगड़कर मांगी माफी

हेमंत सोरेन ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सभी संवैधानिक प्रतिष्ठानों पर नियंत्रण कर लिया है, लेकिन लोगों ने हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में उसे सबक सिखाया है. भाजपा पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मेरी जानकारी में आया है कि वे विधानसभा चुनाव समय से पहले कराने की योजना बना रहे हैं... मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वे जिस दिन चाहें चुनाव करा लें... झारखंड में विधानसभा चुनाव जीतने का भाजपा का सपना ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ जैसा होगा. भाजपा कई राज्यों में आदिवासियों को मुख्यमंत्री बना रही है, लेकिन वे सिर्फ ‘रबर स्टाम्प’ हैं.’’

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 29, 2024 04:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).