एजेंसी न्यूज

भाजपा झारखंड के खनिज संसाधनों को लूटना चाहती है, लोगों के कल्याण की कोई मंशा नहीं: मल्लिकार्जुन खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा का झारखंड में लोगों के कल्याण का कोई इरादा नहीं है और वह राज्य के कोयला और अन्य खनिज संसाधनों को ‘‘लूटने’’ के लिए सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रही है.

भाजपा झारखंड के खनिज संसाधनों को लूटना चाहती है, लोगों के कल्याण की कोई मंशा नहीं: मल्लिकार्जुन खरगे
Credit -ANI

रांची, 5 नवंबर : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा का झारखंड में लोगों के कल्याण का कोई इरादा नहीं है और वह राज्य के कोयला और अन्य खनिज संसाधनों को ‘‘लूटने’’ के लिए सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी राज्य झारखंड में एकत्रित हो रहे भाजपा नेताओं की संख्या ‘‘कुल उम्मीदवारों की संख्या से अधिक’’ है, जो दर्शाता है कि भाजपा ‘‘एक आदिवासी मुख्यमंत्री से सत्ता छीनना चाहती है.’’ खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘‘झूठों के सरदार’’ भी करार दिया.

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा झारखंड के ‘काले सोने’ (कोयला) पर नजर गड़ाए हुए है और इसके खनिज संसाधनों को लूटना चाहती है. उनका इरादा लोगों का कल्याण नहीं है. भाजपा घुसपैठ की बात करती है, लेकिन केंद्र और असम में उसकी सरकारें अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं करती?’’ झारखंड के मांडू में एक रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री झूठों के सरदार हैं. उन्होंने युवाओं को दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन रोजगार कहां है? उनसे सावधान रहें जो सिर्फ लूट में लिप्त रहेंगे.’’ खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य में सत्ता छीनना चाहती है लेकिन ‘‘कोई भी हेमंत सोरेन को हटाने की हिम्मत नहीं कर सकता.’’ उन्होंने दावा किया कि सोरेन झारखंड के अगले मुख्यमंत्री होंगे. यह भी पढ़ें : मलेशिया के खिलाफ मैत्री मैच के लिए संभावित खिलाड़ियों में झिंगन की वापसी, इरफान नया चेहरा

खरगे ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार ‘‘अमीर लोगों के कल्याण’’ के लिए काम करती है. कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया, ‘‘पांच प्रतिशत अमीर लोगों के पास देश की 60 प्रतिशत संपत्ति है, जबकि 50 प्रतिशत गरीब नागरिकों के पास केवल तीन प्रतिशत संपत्ति है...प्रधानमंत्री मोदी ने अमीरों के 16 लाख करोड़ रुपये माफ कर दिए, लेकिन गरीबों, किसानों और दलितों को कोई राहत नहीं दे सके.’’ उन्होंने राज्य के लोगों के कल्याण के लिए झारखंड को कोयले के 1.36 लाख करोड़ रुपये के बकाए का तत्काल भुगतान करने की भी मांग की. झारखंड की 81 विधानसभा सीटों के लिए 13 और 20 नवंबर को चुनाव होंगे, जबकि मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 05, 2024 03:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).