भाजपा ने विधायक राजा सिंह को पार्टी से किया निलंबित
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तेलंगाना के विधायक टी राजा सिंह को इस्लाम के खिलाफ की गई विवादास्पद टिप्पणी के सिलसिले में मंगलवार को पार्टी से निलंबित कर दिया और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर यह भी पूछा गया कि क्यों ना उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया जाए.
नयी दिल्ली, 23 अगस्त : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तेलंगाना के विधायक टी राजा सिंह को इस्लाम के खिलाफ की गई विवादास्पद टिप्पणी के सिलसिले में मंगलवार को पार्टी से निलंबित कर दिया और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर यह भी पूछा गया कि क्यों ना उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया जाए. राजा सिंह को एक धर्म विशेष के खिलाफ कथित विवादास्पद टिप्पणी करने के मामले में मंगलवार को पहले हिरासत में लिया गया था. भाजपा नेता की गिरफ्तारी की मांग करते हुए समुदाय के कई लोगों ने हैदराबाद में धरना दिया था. इसके बाद उन्हें आज गिरफ्तार कर लिया गया था.
भाजपा की केंद्रीय अनुशासनात्मक समिति के सचिव ओम पाठक की ओर से जारी एक बयान में सिंह को पार्टी से निलंबित किए जाने की जानकारी दी गई. इस संबंध में पाठक की ओर से सिंह को भेजे गए एक नोटिस में कहा गया, ‘‘आपने विभिन्न मुद्दों पर पार्टी की राय से अलग विचार व्यक्त किए हैं, जो कि भाजपा के संविधान के नियम XXV 10 (ए) का उल्लंघन है. मुझे आपको बताने का निर्देश दिया गया है कि आगे की जांच तक आपको पार्टी से तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है और सभी दायित्वों से मुक्त किया जाता है.’’ यह भी पढ़ें : महाराष्ट्र सरकार की घोषणा, दही हांड़ी के दौरान जान गंवाने वाले संदेश दलवी के परिवार को तत्काल मिलेगी 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
पाठक ने सिंह से 10 दिनों के भीतर यह जवाब देने को भी कहा कि क्यों ना उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया जाए.
उन्होंने कहा, ‘‘आपका हस्ताक्षरित विस्तृत जवाब दो सितंबर 2022 तक मिल जाना चाहिए.’’ भाजपा विधायक ने स्टैंड-अप कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी और धर्म विशेष की आलोचना करते हुए सोमवार को एक वीडियो जारी किया था. वीडियो में सिंह कथित तौर पर एक धर्म विशेष के खिलाफ कुछ टिप्पणी करते दिख रहे हैं. फारुकी ने हाल ही में शहर में एक कार्यक्रम में प्रस्तुति दी थी. विधायक सिंह अक्सर अपने विवादास्पद बयानों के लिए सुर्खियों में रहते हैं. उनके बयानों में अक्सर मुसलमानों को निशाना बनाया जाता है. सिंह हैदराबाद के गोशामहल विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं. यह हैदराबाद लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा है.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 23, 2022 03:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

