देश की खबरें | भाजपा मप्र में 2.58 लाख लोगों के पार्टी में शामिल होने के दावे को साबित करे : कांग्रेस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई ने रविवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उन 2.58 लाख लोगों की सूची जारी करने की चुनौती दी, जो कथित तौर पर उसके सदस्य बने हैं।

भोपाल, सात अप्रैल कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई ने रविवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उन 2.58 लाख लोगों की सूची जारी करने की चुनौती दी, जो कथित तौर पर उसके सदस्य बने हैं।

भाजपा नेताओं ने दावा किया था कि दल में शामिल होने वाले अधिकतर नये सदस्य कांग्रेस छोड़कर आए हैं।

पूर्व मंत्री और नरोत्तम मिश्रा ने शनिवार को दावा किया था कि पिछले तीन महीने में 2.58 लाख से अधिक लोग भाजपा में शामिल हुए हैं, जिनमें से 1.26 लाख लोगों ने अकेले छह अप्रैल को पार्टी की सदस्यता ली। उन्होंने यह भी दावा किया कि इनमें से अधिकतर कांग्रेस छोड़कर आए हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि भाजपा ने केवल उनकी पार्टी में शामिल होने वाले प्रमुख नेताओं की सूची मीडिया को जारी की है, जिसमें 336 नेता शामिल हैं।

पटवारी ने भाजपा पर फर्जी दावे के जरिये लोगों को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘मैं उन्हें चुनौती देता हूं, क्या भाजपा उन 2.58 लाख कार्यकर्ताओं की सूची जारी करेगी जो उसके सदस्य बने हैं?’’

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खनन, रेत, परिवहन और शिक्षा से जुड़े माफियाओं के सदस्यों की सरकार से सांठगांठ है और वे भाजपा में शामिल हो गए हैं।

पटवारी ने कहा, ‘‘अनुशासनहीनता के कारण विभिन्न दलों से निष्कासित लोग भाजपा में शामिल हुए हैं। हम पहले ही ऐसे लोगों को निष्कासित कर चुके हैं।’’

आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा की राज्य इकाई के प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर उन कांग्रेस नेताओं के नाम बताए, जिन्होंने पटवारी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी छोड़ दी है।

सलूजा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, छिंदवाड़ा के महापौर विक्रम अहाके, विधायक कमलेश शाह, पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना, जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह और अन्य कांग्रेस नेताओं के नाम का उल्लेख किया, जिन्होंने हाल में भाजपा की सदस्यता ली है।

भाजपा प्रवक्ता ने सवाल किया, ‘‘पटवारी को बताना चाहिए कि क्या ये माफिया हैं?’’

पटवारी ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी सवाल किये। प्रधानमंत्री दिन में जबलपुर में एक रोड शो में हिस्सा लेंगे।

कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि ‘व्यापमं’ भर्ती घोटाले के आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

उन्होंने सवाल किया कि जब भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ा और जीता, तो दिल्ली से भेजी गई पर्ची के आधार पर मोहन यादव को मुख्यमंत्री क्यों बनाया गया?

उन्होंने प्रधानमंत्री से भाजपा द्वारा किए वादों को पूरा करने में कथित विफलता को लेकर भी सवाल किए जिनमें दो करोड़ नौकरियां और गेहूं एवं धान की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदारी शामिल है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\