एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भाजपा को मप्र में 15 साल के शासन का हिसाब देना चाहिए : कमलनाथ

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने 15 साल सत्ता में रहने के बाद स्वयं का हिसाब नहीं दिया और उनसे 15 महीने के शासन का हिसाब मांगते हैं।

देश की खबरें | भाजपा को मप्र में 15 साल के शासन का हिसाब देना चाहिए : कमलनाथ
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

ग्वालियर, 19 सितंबर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने 15 साल सत्ता में रहने के बाद स्वयं का हिसाब नहीं दिया और उनसे 15 महीने के शासन का हिसाब मांगते हैं।

कमलनाथ ने भाजपा पर प्रदेश में धन-बल के जरिए सत्ता में आने का भी आरोप लगाया।

यह भी पढ़े | COVID-19 in India: पिछले 2 सप्ताहों में कोरोना के सबसे ज्यादा मामलों और मौतों वाले देशों की सूची में भारत सबसे ऊपर, अमेरिका और ब्राजील को छोड़ा पीछे.

वहीं, प्रदेश भाजपा के एक नेता ने इस आरोप का खंडन करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए प्रदेश में भाजपा सरकार का गठन हुआ है।

कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया के गृह क्षेत्र ग्वालियर में कमलनाथ ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा, ‘’मुझे शिवराज सिंह से प्रमाण पत्र नहीं चाहिए, उन्होंने खुद 15 साल सत्ता में रहने का हिसाब नहीं दिया और हमसे 15 महीने का हिसाब मांगते हैं। भाजपा केवल प्रचार करना जानती है। 15 साल में शिवराज ने केवल घोषणाएं ही की हैं। जनता जानती है कि उनकी सरकार कैसे नोट से बनी और हमारी वोट से।’’

यह भी पढ़े | कोरोना के मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 2607 नए केस, 42 की मौत: 19 सितंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

सिंधिया का नाम लिए बिना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने विकास में ग्वालियर के पिछड़ने की बात करते हुए कहा कि आजादी के बाद मध्य प्रदेश की पहचान ग्वालियर से होती थी, उसमें इंदौर, भोपाल या जबलपुर का नाम नहीं होता था, लेकिन आज ग्वालियर-चंबल विकास में पीछे रह गया है। कुल मिलाकर इस इलाके को विकास से वंचित रखा गया। अब यही विकास की बात आने वाला उपचुनाव तय करेगा।

उन्होंने कहा कि शुक्रवार को कांग्रेस के रोड शो में जो भीड़ थी, वह सरकारी नहीं थी, बल्कि लोग अपनी मर्जी से शामिल होने आए थे। इससे जनता के मूड का पता चल रहा है। इसीलिए जो उपचुनाव होगा, वह ग्वालियर-चंबल के साथ मध्य प्रदेश का भविष्य को भी तय कर देगा।

मुख्यमंत्री रहते समय ग्वालियर नहीं आने के सवाल पर कमलनाथ ने कहा, ‘‘मैंने यहां विकास और राजनीति के मुद्दे पर कभी दखल नहीं दिया, लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई हैं और यह इलाक़ा उनकी प्राथमिकता में रहेगा।’’

कमलनाथ ने दावा किया कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने 26 लाख किसानों का कृषि ऋण माफ किया और वह मुख्यमंत्री चौहान को लाभार्थियों की सूची देने को तैयार हैं।

कोरोना वायरस संक्रमण के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘‘अभी भी मध्य प्रदेश में जांच कम हो रही है और सरकार प्रचार कर रही है कि कोरोना ज्यादा नहीं फैला है।’’

कमलनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस को अपने 15 माह के शासन का हिसाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘हम पिछले 15 साल में विभिन्न विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान बार-बार जनता के सामने गए। कांग्रेस नेताओं को विधानसभा के आगामी उपचुनाव के दौरान जनता से वोट मांगते समय अपनी 15 महीने की सरकार का हिसाब देना चाहिए।’’

अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार पूरी तरह से लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से बनी है और जिन विधायकों ने कांग्रेस से त्यागपत्र दिया है, वे फिर से उपचुनाव में जनता के पास जा रहे हैं।

सं दिमो

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 19, 2020 07:41 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).