एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भाजपा ने भारत जोड़ो यात्रा पर राहुल का ‘एनिमेशन’ वीडियो साझा किया, कांग्रेस ने इसे हताशा बताया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारत जोड़ो यात्रा पर निशाना साधने के लिए रविवार को ट्विटर पर राहुल गांधी का एक ‘एनिमेशन’ वीडियो साझा किया, जिस पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह सत्तारूढ़ दल की हताशा को प्रदर्शित करता है।

देश की खबरें | भाजपा ने भारत जोड़ो यात्रा पर राहुल का ‘एनिमेशन’ वीडियो साझा किया, कांग्रेस ने इसे हताशा बताया

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारत जोड़ो यात्रा पर निशाना साधने के लिए रविवार को ट्विटर पर राहुल गांधी का एक ‘एनिमेशन’ वीडियो साझा किया, जिस पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह सत्तारूढ़ दल की हताशा को प्रदर्शित करता है।

भाजपा ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट पर राहुल का दो मिनट का एक ‘एनिमेशन’ वीडियो साझा किया है, जिसमें कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को ‘शोले’ फिल्म में (हास्य अभिनेता) असरानी के किरदार में चित्रित किया गया है।

वीडियो में, गोवा में कांग्रेस विधायकों के पार्टी छोड़ने, नेताओं के पार्टी छोड़ने और गुलाम नबी आजाद के साथ जाने और राजस्थान में (पार्टी के) अंदरूनी कलह सहित अन्य चीजों पर कटाक्ष किया गया है।

भाजपा ने राहुल और उनकी मां सोनिया गांधी का स्पष्ट रूप से संदर्भ देते हुए ‘एनिमेशन’ के साथ ट्वीट किया, ‘‘मम्मी ये दुःख खतम (खत्म) काहे (क्यों) नहीं होता है? खतम...टाटा…...गुडबाय!’’

भाजपा के इस कदम पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की सफलता का मुकाबला करने के लिए भाजपा का नया फार्मूला। हताशा और निराशा के कारण यह एनिमेशन जारी किया गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने जो वीडियो साझा किया है उसे निंदनीय कहना कम होगा।’’

यात्रा की शुरूआत होने के बाद से ही भाजपा इस पर तंज कसती रही है, जबकि कांग्रेस ने दावा किया कि वह (भाजपा) इस पहल की सफलता से घबरा गई है, इसलिए ऐसा कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 16, 2022 08:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).