देश की खबरें | भाजपा ने हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए 62 उम्मीदवारों की सूची जारी की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को 62 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सिराज विधानसभा क्षेत्र से एक बार फिर चुनाव लड़ेंगे।

नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को 62 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सिराज विधानसभा क्षेत्र से एक बार फिर चुनाव लड़ेंगे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुख राम के बेटे अनिल शर्मा को भाजपा ने मंडी से उम्मीदवार बनाया है। आज जारी 62 उम्मीदवारों की सूची में पांच महिलाओं को भी टिकट दिया गया है। पार्टी ने कुछ मौजूदा विधायकों के टिकट भी काटे हैं।

भाजपा नेताओं ने बताया कि अगले दो दिनों के भीतर भाजपा शेष बची छह सीटों पर भी उम्मीदवारों के नामों का एलान कर देगी। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में 68 सीटें हैं।

पार्टी ने कैबिनेट मंत्री समेत 11 मौजूदा विधायकों को हटाया है और दो मंत्रियों सुरेश भारद्वाज तथा राकेश पठानिया की सीटों में बदलाव किया है।

भारद्वाज राज्य में एक वरिष्ठ भाजपा नेता हैं और शिमला शहरी निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा विधायक हैं। उन्हें कसुम्पटी से चुनाव मैदान में उतारा गया है जबकि नूरपुर से विधायक पठानिया को पड़ोसी फतेहपुर से टिकट दिया गया है।

धर्मपुर से विधायक मंत्री महेंद्र सिंह की जगह उनके बेटे रजत ठाकुर को उम्मीदवार बनाया गया है। भाजपा ने जुब्बल-कोटखाई से चेतन बरागटा को मैदान में उतारा है, जिन्होंने पार्टी द्वारा उन्हें टिकट देने से इनकार करने के बाद उपचुनाव में निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ा था। मंडी से पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम के बेटे अनिल शर्मा को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

भाजपा ने इस बार के चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को टिकट नहीं दिया है। पार्टी ने उनकी जगह सुजानपुर सीट से कैप्टन (सेवानिवृत्त) रणजीत सिंह को उम्मीदवार बनाया है। पिछले विधानसभा चुनाव में धूमल को इस सीट पर कांग्रेस के कद्दावर नेता माने जाने वाले राजेन्द्र राणा ने पराजित किया था। धूमल की हार के बाद भाजपा ने जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया था।

पार्टी सूत्रों ने कहा कि 78 वर्षीय धूमल ने पार्टी नेतृत्व को चुनाव नहीं लड़ने की अपनी अनिच्छा से अवगत कराया था। धूमल के बेटे अनुराग ठाकुर केंद्रीय मंत्री हैं। भाजपा ने इससे पहले हुए कुछ चुनावों में 75 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को चुनाव मैदान में उतारने से परहेज किया।

भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती एक बार फिर ऊना से भाग्य आजमाएंगे। पिछले विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उन्हें कांग्रेस के सतपाल सिंह रायजादा ने हराया था।

इस सूची में अनुसूचित जनजाति से आठ उम्मीदवारों का नाम शामिल है जबकि इस श्रेणी के तहत सिर्फ तीन सीटें ‘अनुसूचित जनजाति श्रेणी’ के तहत सुरक्षित हैं।

जिन लोगों के नामों की सिफारिश की गई है उनमें दो तिहाई उम्मीदवार स्नातक और परास्नातक हैं। सूची में पांच महिला उम्मीदवार शामिल हैं जबकि विपक्षी दल कांग्रेस के अब तक घोषित 46 उम्मीदवारों में तीन महिलाएं शामिल हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नवगठित केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की पहली बैठक में मंगलवार को इन उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाई गई।

इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, संगठन महामंत्री बी एल संतोष, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा सहित केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) के सभी सदस्य शामिल हुए।

सीईसी के अन्य सदस्यों में पूर्व सांसद सत्यनारायण जटिया, केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनावाल, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, वरिष्ठ नेता ओम माथुर, राज्यसभा सदस्य के लक्ष्मण, इकबाल सिंह लालपुरा और सुधा यादव शामिल हैं।

इनके अलावा बैठक में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी शामिल हुए।

हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। मतगणना आठ दिसंबर को होगी।

राज्य विधानसभा में, भाजपा के अभी 43 जबकि कांग्रेस के 22 सदस्य हैं। सदन में दो निर्दलीय सदस्य और माकपा का एक सदस्य है।

राज्य में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है। आम आदमी पार्टी (आप) भी यहां अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए प्रयासरत है।

चुनाव की अधिसूचना मंगलवार को जारी की गई। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 25 अक्टूबर और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 29 अक्टूबर है।

कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को 46 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह और विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की वरिष्ठ नेता आशा कुमारी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू को फिर से चुनाव मैदान में उतारा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

IND U19 vs BAN U19, ICC Under 19 World Cup 2026 7th Match Scorecard: बुलावायो में टीम इंडिया ने बांग्लादेश के सामने रखा 239 रनों का टारगेट, वैभव सूर्यवंशी और अभिज्ञान कुंडू ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

DC vs RCB, WPL 2026 11th Match Prediction: नवी मुंबई में आज दिल्ली कैपिटल्स महिला बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु महिला के बीच खेला जाएगा टूर्नामेंट का 11वां मुकाबला, मैच से पहले जानें कौनसी टीम मार सकती हैं बाजी

Fatima Jatoi and Arohi Mim: भारत में क्यों ट्रेंड कर रहे हैं पाकिस्तान-बांग्लादेश के ‘लीक वीडियो’? साइबर एक्सपर्ट्स ने किया बड़ा खुलासा

सना खान ने अभिनय छोड़ने पर तोड़ी चुप्पी; कहा- ‘पति मुफ्ती अनस का फैसला नहीं, यह मेरी अपनी पसंद थी’ (Watch Video)

\