देश की खबरें | भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ जयपुर में प्रदर्शन किया, पुलिस ने पानी की बौछार कर रोका
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को राजस्थान में कानून व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ अपराध और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर राज्य में कांग्रेस नीत सरकार के खिलाफ ‘नहीं सहेगा राजस्थान’ अभियान के तहत यहां सचिवालय के पास प्रदर्शन किया। पुलिस ने सचिवालय की ओर जा रहे पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को ‘स्टेच्यू सर्किल’ के पास रोक दिया और उन्हें तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार की।
जयपुर, एक अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को राजस्थान में कानून व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ अपराध और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर राज्य में कांग्रेस नीत सरकार के खिलाफ ‘नहीं सहेगा राजस्थान’ अभियान के तहत यहां सचिवालय के पास प्रदर्शन किया। पुलिस ने सचिवालय की ओर जा रहे पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को ‘स्टेच्यू सर्किल’ के पास रोक दिया और उन्हें तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार की।
इस प्रदर्शन में राज्य के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए थे।
विपक्षी दल के विशाल प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के कुछ तथ्य साझा किए और महिलाओं के खिलाफ अपराध पर भाजपा शासित राज्यों को घेरा और आरोप लगाया कि भाजपा ने राजस्थानियों को बदनाम करने की कोशिश की है।
राज्य के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि सचिवालय भ्रष्टाचार का केंद्र बन गया है।
‘स्टेच्यू सर्कल’ पर पार्टी कार्यकर्ता अवरोधकों की एक कतार को पार कर दूसरी कतार की ओर बढ़ गए। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारें कीं। विरोध प्रदर्शन के बाद पार्टी नेताओं ने गिरफ्तारियां दी।
जब पार्टी कार्यकर्ता पैदल मार्च कर रहे थे, तो उनके पीछे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, विपक्ष के नेता राजेंद्र राठौड़, विपक्ष के उपनेता सतीश पूनिया, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और अन्य नेता एक ‘‘रथ’’ (मिनी बस) पर सवार थे।
बाद में वे राज्य सरकार के विरोध में ‘स्टेच्यू सर्किल’ पर धरने पर बैठ गए।
भाजपा के राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने आरोप लगाया, ‘‘लोग चुनाव में सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार हैं। सचिवालय भ्रष्टाचार का केंद्र बन गया है। सचिवालय में अलमारी में नकदी मिली, लेकिन मुख्य दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।’’
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस कर्मियों ने स्थिति को कुशलतापूर्वक संभाला और पानी की बौछारों के अलावा किसी तरह का बल प्रयोग नहीं किया गया।
जयपुर पुलिस आयुक्तालय के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) कुंवर राष्ट्रदीप ने बताया, ‘‘यह एक राजनीतिक प्रदर्शन था और लाठीचार्ज जैसी कोई कार्रवाई नहीं हुई... केवल पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया गया।’’
रैली से पहले, भाजपा नेताओं ने पार्टी कार्यालय के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया और कानून-व्यवस्था और प्रश्नपत्र लीक मामलों के मुद्दे पर राज्य में पार्टी नीत सरकार पर हमला किया।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोंधित करते हुए आरोप लगाया कि लोग कांग्रेस के शासन में पीड़ित हैं क्योंकि अपराध बढ़ गया है। उन्होंने प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा।
सिंह ने कहा, ‘‘लोग आगामी (विधानसभा) चुनाव में कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने के लिए तैयार हैं।’’
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया और ‘‘लाल डायरी’’ मुद्दे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से जवाब मांगा।
बर्खास्त मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने आरोप लगाया था कि उनके पास मौजूद एक ‘‘लाल डायरी’’ में मुख्यमंत्री गहलोत के वित्तीय लेनदेन का विवरण है।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने आवास पर पैरों में पट्टी बांधकर बैठे हैं लेकिन चुनाव में जनता यह पट्टी उतार देगी।
उन्होंने कहा कि जब कोई टायर कील से पंक्चर हो जाता है तो टायर बदल दिया जाता है।
शेखावत ने बाद में संवाददाताओं से बातयीत में यह भी कहा कि गहलोत इसलिए आगे नहीं बढ़ रहे हैं ताकि उन्हें दिल्ली में उनके खिलाफ दायर मानहानि के मामले में पेश न होना पड़े।
केंद्रीय मंत्री ने पेपर लीक को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा।
प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा शासित राज्यों में कानून-व्यवस्था को लेकर एनसीआरबी का हवाला देते हुए कुछ तथ्य ट्वीट किए।
गहलोत ने कहा कि राजस्थान में महिलाओं की पूरी सुनवाई होती है एवं पुलिस अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई करती है।
उन्होंने कहा, ‘‘केवल मणिपुर और भाजपा शासित राज्यों की विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए केंद्र और राज्य के भाजपा नेता राजस्थान को बदनाम करने के लिए झूठे आरोप लगा रहे हैं।’’
गहलोत ने दावा किया कि सबसे ज्यादा बलात्कार और पॉक्सो (यौन अपराध से बच्चों की सुरक्षा) कानून के तहत मामले भाजपा शासित मध्य प्रदेश में हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘2019 की तुलना में 2021 में राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराध कम हुए हैं जबकि भाजपा शासित मध्य प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश में अपराध बढ़े हैं।’’
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जोधपुर में हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में एबीवीपी (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) के पदाधिकारी और कार्यकर्ता आरोपी हैं।
गहलोत के ट्वीट पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री डरे हुए हैं।
जोशी ने शाम को संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘आप (मुख्यमंत्री) इतने डरे हुए क्यों हैं? जनता आपसे जवाब मांग रही है। युवा पेपर लीक पर जवाब मांग रहे हैं, किसान रो रहा है कि आपने उसे धोखा दिया।’’
उन्होंने मुख्यमंत्री के ट्वीट का जिक्र करते हुए कहा कि देश में ऐसा कोई नेता नहीं है जो बलात्कारियों के साथ खड़ा हो।
नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि आज के प्रदर्शन में भाग लेने के लिए 2100 बसों और 7500 छोटे वाहनों में राज्य भर से लोग आए, जो कांग्रेस सरकार के खिलाफ लोगों में आक्रोश को दर्शाता है।
उन्होंने कहा, ‘‘राजस्थान के मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, असम के लिए चिंता दिखा रहे हैं लेकिन राज्य पुलिस विभाग के आंकड़े कह रहे हैं कि बलात्कार के मामले बढ़े हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 01, 2023 11:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

