देश की खबरें | भाजपा ने झारखंड विधानसभा में नमाज कक्ष आवंटित करने के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राज्य विधानसभा में नमाज पढ़ने के लिए एक कमरे के आवंटन के खिलाफ भाजपा द्वारा बुधवार को किए जा रहे विरोध-प्रदर्शन को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार का इस्तेमाल किया। साथ ही लाठीचार्ज भी किया गया।

रांची, आठ सितंबर राज्य विधानसभा में नमाज पढ़ने के लिए एक कमरे के आवंटन के खिलाफ भाजपा द्वारा बुधवार को किए जा रहे विरोध-प्रदर्शन को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार का इस्तेमाल किया। साथ ही लाठीचार्ज भी किया गया।

भाजपा की राज्य इकाई ने कहा कि उसके कई कार्यकर्ता लाठीचार्ज में घायल हो गए और उन्हें शहर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

विधानसभा में 'नमाज कक्ष' की अनुमति देने के फैसले के खिलाफ सड़कों पर उतरी भाजपा ने कहा कि वह अपने कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ बृहस्पतिवार को 'काला दिवस' मनाएगी और इस दिन पार्टी के सभी कार्यकर्ता काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे।

भाजपा विधायकों ने लाठीचार्ज का मुद्दा विधानसभा में भी उठाया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जवाब देने की मांग उठायी।

विरोध दर्ज कराने के लिए भाजपा के कई विधायक पोस्टर पहने नजर आए, हालांकि विधानसभा अध्यक्ष के आपत्ति जताए जाने के बाद इन्हें हटा दिया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधानसभा का घेराव करने के प्रयास में पुलिस बैरिकेड पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पानी की बौछार और लाठीचार्ज का सहारा लिया गया।

कई विधायक झारखंड विधानसभा के प्रवेश द्वार पर बैठ गए और हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\