BJP अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय का कार्यभार संभाला
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने मंगलवार को केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय का कार्यभार संभाला. भाजपा की पिछली सरकार में मनसुख मंडाविया रसायन एवं उर्वरक मंत्री थे.
नयी दिल्ली, 11 जून : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने मंगलवार को केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय का कार्यभार संभाला. भाजपा की पिछली सरकार में मनसुख मंडाविया रसायन एवं उर्वरक मंत्री थे. कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने के एक दिन बाद सोमवार को नड्डा को स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ-साथ रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय भी आवंटित किया गया.
,
नड्डा ने मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में स्वास्थ्य मंत्रालय संभाला था. उसके बाद 2019 में उन्हें भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष का पद सौंपा गया और जनवरी 2020 में अमित शाह के केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में नियुक्त होने के बाद उन्हें पूर्ण रूप से पार्टी अध्यक्ष बना दिया गया. भाजपा अध्यक्ष के तौर पर नड्डा का कार्यकाल जनवरी में समाप्त हो गया था. उन्हें 2024 के लोकसभा चुनाव की देखरेख के लिए छह महीने का विस्तार दिया गया था. उनका कार्यकाल जून में समाप्त हो रहा है. यह भी पढ़ें : Gorakhpur News: यूपी के गोरखपुर में गैंगरेप पीड़िता डीएम ऑफिस में हुई बेहोश, पुलिस पर लगाया गंभीर आरोप
नड्डा (63) ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी. वह 1991 में भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के अध्यक्ष बने. उन्होंने भाजपा में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी. कई राज्यों में पार्टी के चुनाव अभियान का नेतृत्व किया. अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकार में मंत्री के रूप में भी कार्य किया है. नड्डा वर्ष 2012 में राज्यसभा के लिए चुने गए और 2014 में अमित शाह के पार्टी अध्यक्ष बनने पर उन्हें भाजपा संसदीय बोर्ड का सदस्य बनाया गया था.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 11, 2024 01:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

