एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भाजपा अध्यक्ष नड्डा और कांग्रेस अध्यक्ष खरगे सोमवार को छत्तीसगढ़ में रहेंगे मौजूद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रमुख जे. पी. नड्डा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अपनी-अपनी पार्टियों के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए सोमवार को छत्तीसगढ़ में मौजूद रहेंगे।

देश की खबरें | भाजपा अध्यक्ष नड्डा और कांग्रेस अध्यक्ष खरगे सोमवार को छत्तीसगढ़ में रहेंगे मौजूद

रायपुर, छह जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रमुख जे. पी. नड्डा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अपनी-अपनी पार्टियों के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए सोमवार को छत्तीसगढ़ में मौजूद रहेंगे।

नड्डा जहां सरगुजा जिले के मैनपाट में सत्तारूढ़ भाजपा के सांसदों एवं विधायकों के लिए तीन-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे, वहीं खरगे राज्य की राजधानी में अपनी पार्टी की एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंबिकापुर (सरगुजा) रवाना होने से पहले रायपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार देर शाम को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रशिक्षण सत्र के दौरान कई विषयों पर व्याख्यान होंगे।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समापन समारोह को संबोधित करेंगे।

साय ने कहा कि कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी व्याख्यान देंगे। उन्होंने कहा कि यह विकसित छत्तीसगढ़ बनाने में सहायक होगा।

कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि खरगे सोमवार को दोपहर 12.30 बजे यहां साइंस कॉलेज मैदान में पार्टी की ‘किसान-जवान-संविधान’ जनसभा को संबोधित करेंगे।

उन्होंने बताया कि खरगे शाम चार बजे यहां राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे और उसके बाद शाम पांच बजे प्रदेश इकाई की कार्यकारी समिति की बैठक करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 12:28 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).