जयपुर, 10 सितंबर राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए गठित कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कानून व्यवस्था के मुद्दे पर प्रदेश को बदनाम करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश अपराध के मामले में राजस्थान से आगे है लेकिन भाजपा नेता जानबूझकर राजस्थान को बदनाम कर रहे हैं।
गोगोई ने कहा कि राजस्थान की जनता ने कांग्रेस सरकार को दोबारा सत्ता में लाने का मन बना लिया है।
गोगोई ने जयपुर में संवाददाताओं से कहा कि जब हरियाणा की महिला पहलवान दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रहे थीं तब कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी थी लेकिन भाजपा ने आरोपी सांसद के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हाल ही में भीलवाड़ा में एक जनसभा रैली की। वहीं, प्रियंका गांधी ने आज निवाई में एक रैली को संबोधित किया और रैलियों में शामिल हुये लोगों की संख्या गृह मंत्री अमित शाह की रैलियों की तुलना में काफी अधिक थी।
कांग्रेस सांसद गोगोई ने कहा कि स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य राज्य में दो दिनों के लिए हैं। इससे पहले भी समिति के सदस्य चार दिन के लिए प्रदेश में आये थे।
गोगोई ने कहा कि राजस्थान में 52 सीटें ऐसी हैं जहां कांग्रेस बार-बार चुनाव हार रही है और पार्टी का लक्ष्य आगामी चुनावों में उनमें से कई सीटों पर जीत दर्ज करने का है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY