देश की खबरें | भाजपा ने महंगाई राहत शिविर में मोदी के खिलाफ चलाए वीडियो पर भाजपा की आपत्ति
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने दौसा में पंचायत समिति परिसर में आयोजित राहत शिविर में टीवी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चलाये गए कतिपय वीडियो पर आपत्ति जताते हुए राज्यपाल को पत्र लिखा है। जोशी ने इस मामले में प्रशासनिक अधिकारियों एंव कांग्रेसी जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मुख्यमंत्री को निर्देशित करने की मांग की है।
जयपुर, चार मई भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने दौसा में पंचायत समिति परिसर में आयोजित राहत शिविर में टीवी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चलाये गए कतिपय वीडियो पर आपत्ति जताते हुए राज्यपाल को पत्र लिखा है। जोशी ने इस मामले में प्रशासनिक अधिकारियों एंव कांग्रेसी जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मुख्यमंत्री को निर्देशित करने की मांग की है।
प्रदेश भाजपा प्रमुख ने पत्र में कहा कि जनता द्वारा चुने गए देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री के खिलाफ गहलोत सरकार के इशारे पर अधिकारियों द्वारा किया गया कृत्य न केवल अनैतिक है, बल्कि लोक सेवक के दायित्वों का भी उल्लंघन है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में राहत कैंप के नाम से भाजपा विरोधी मुहिम चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई राहत शिविर के नाम पर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में गहलोत सरकार द्वारा आमजन को गुमराह किया जा रहा है।
जोशी ने कहा कि प्रदेशभर में करीब दो सप्ताह से मंत्रालयिक कर्मचारियों की हड़ताल के चलते सरकारी कामकाज ठप्प है, वहीं सरकार आमजन को राहत देने की बात कह रही है। उन्होने कहा कि बिना कर्मचारियों की उपस्थिति के शिविरों में कामकाज कैसे संभव है।
उन्होंने प्रदेश की गहलोत सरकार पर जनविरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि महंगाई राहत शिविर गहलोत सरकार का प्रोपगैंडा है। इसके साथ ही उन्होंने महंगाई राहत शिविरों में राहत के नाम पर सरकारी मशीनरी का बेजा इस्तेमाल का भी आरोप लगाया है।
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में लाभ के लिए सरकारी पैसे का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया और कहा कि ग्रामीण जनता सुबह आठ बजे भूखी प्यासी शिविरों में आती है लेकिन शिविर में अधिकारी और कर्मचारी नदारद मिलते हैं।
वहीं भाजपा सवाईमाधोपुर में आयोजित जनाक्रोश महासभा को संबोधित करते हुए जोशी ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पर आतंकियों का साथ देने का आरोप लगाते हुए कर्नाटक में उनके द्वारा दिए गए भाषण का हवाला दिया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सोनिया गांधी कर्नाटक में कहती हैं कि बजरंग दल पर प्रतिबंध लगा देंगे, अगर सोनिया गांधी में दम है तो राजस्थान में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगा कर के दिखायें ।
सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस की गहलोत सरकार ने राजस्थान को साढे चार वर्ष में खोखला कर के रख दिया है।
कुंज पृथ्वी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2023 09:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

