देश की खबरें | भाजपा सांसद ने कर्नाटक के राज्यपाल को निशाना बनाने को लेकर कांग्रेस नेताओं की आलोचना की

बेंगलुरु, 20 अगस्त भाजपा सांसद लहर सिंह सिरोया ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप में मुकदमा चलाने की मंजूरी देने को लेकर राज्यपाल थावरचंद गहलोत को निशाना बनाने के लिए मंगलवार को कांग्रेस नेताओं की आलोचना की।

राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘सिद्धरमैया कैबिनेट में राजस्व मंत्री (कृष्ण बायरे गौड़ा) ने दलित परिवार से आने वाले राज्यपाल को ‘नालायक’ कहा है। कांग्रेस के एक अन्य एमएलसी (इवान डिसूजा) ने कहा है कि वह राजभवन में घुसकर राज्यपाल के साथ ‘बांग्लादेश जैसा व्यवहार’ करेंगे।’’

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया, ‘‘अब इसमें कोई संदेह नहीं है कि कांग्रेस राहुल गांधी के ‘अराजकता के मंत्र’ का अनुसरण कर रही है।’’

उन्होंने पूछा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, जो दलित हैं, क्या वह भी ‘नालायक’ हैं?’’

सिरोया ने कांग्रेस पर वंशवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे अपने स्वार्थ के अलावा किसी भी चीज या किसी को महत्व नहीं देते।

भाजपा नेता ने पूछा, ‘‘क्या खरगेजी मंत्री और एमएलसी को पद से हटाएंगे?’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)