देश की खबरें | भाजपा सांसद बलूनी ने प्रियंका और उनके परिवार को भोजन पर आमंत्रित किया: सूत्र
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 27 जुलाई भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके परिवार को खुद को आवंटित हुए नए आवास पर भोजन के लिए आमंत्रित किया है।

सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह भी पढ़े | बीजेपी ने सोमू वीरजू को आंध्र प्रदेश इकाई का अध्यक्ष बनाया: 27 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

गौरतलब है कि बलूनी को नयी दिल्ली इलाके में वहीं ‘35 लोधी स्टेट’ बंगला आवंटित हुआ है जिसमें प्रियंका पिछले कई वर्षों से रह रही थीं।

सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका और उनके परिवार द्वारा उनका निमंत्रण स्वीकार करने के बाद बलूनी उन्हें उत्तराखंड के खास पकवान जैसे ‘मडुवा की रोटी’ ‘झंगोरे की खीर’ और ‘पहाड़ी रायता’ परसेंगे।

यह भी पढ़े | चीनी मशीनरी, कच्चे उत्पाद का प्रयोग बंद, अब भारत में स्वदेशी माल से बनेगा कपड़ा.

अपना सरकारी बंगला खाली करने की एक अगस्त की समय सीमा से पहले प्रियंका ने भी बलूनी को चाय पर आमंत्रित किया था।

सूत्रों का कहना है कि बलूनी ने चाय पर आमंत्रित करने के लिए प्रियंका का आभार जताया, हालांकि बाहर नहीं निकलने के ऐहतियात के कारण अपनी ओर से असमर्थता जताई। बलूनी कैंसर का उपचार कराके हाल ही में घर लौटे हैं।

पिछले साल बलूनी के कैंसर से पीड़ित होने का पता चला था और इसके बाद मुंबई में कई महीनों तक उनका उपचार चला।

प्रियंका अपना सरकारी आवास खाली करने की प्रक्रिया में हैं। शहरी विकास मंत्रालय ने एक जुलाई को उन्हें नोटिस जारी कर उनसे एक अगस्त तक बंगला खाली करने को कहा था।

मंत्रालय का कहना था कि एसपीजी सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद प्रियंका इस आवास की पात्रता नहीं रखती हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)