देश की खबरें | ओडिशा में भाजपा विधायकों का गांधी प्रतिमा के पास धरना जारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा में भाजपा विधायकों ने विधानसभा में अपने तीन सहयोगियों के निलंबन के विरोध में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास शुरू किया अपना धरना शनिवार रात को भी जारी रखा। विधानसभा अध्यक्ष के आसन की तरफ चप्पल और अन्य वस्तुएं फेंकने के आरोप में विधायकों को निलंबित किया गया है।
भुवनेश्वर, तीन अप्रैल ओडिशा में भाजपा विधायकों ने विधानसभा में अपने तीन सहयोगियों के निलंबन के विरोध में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास शुरू किया अपना धरना शनिवार रात को भी जारी रखा। विधानसभा अध्यक्ष के आसन की तरफ चप्पल और अन्य वस्तुएं फेंकने के आरोप में विधायकों को निलंबित किया गया है।
एक महिला सदस्य कुसुम टेटे सहित भाजपा के विधायकों ने रात का भोजन किया और रात में भी धरना जारी रखा। अध्यक्ष एस एन पात्रो ने खुद आकर उनसे प्रदर्शन समाप्त करने का अनुरोध किया, लेकिन इसके बावजूद इन विधायकों ने अपना प्रदर्शन जारी रखा।
नेता प्रतिपक्ष पी के नाइक ने कहा, ‘‘हम पूरी रात खुले आसमान के नीचे धरने पर बैठे रहेंगे और कल एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित करेंगे। अध्यक्ष ने हमारे विधायकों को अपनी बात रखने का मौका दिए बिना बेवजह निलंबित कर दिया।’’
इस बीच, ओडिशा विधानसभा का बजट सत्र अपने निर्धारित समय से पांच दिन पहले शनिवार को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया। वित्त मंत्री निरंजन पुजारी द्वारा सदन में कैग की रिपोर्ट पेश किए जाने के बाद सदन को स्थगित कर दिया गया।
अध्यक्ष ने 12 मार्च से शुरू हुए बजट सत्र के दूसरे चरण की समाप्ति की घोषणा की।
यह सत्र वैसे नौ अप्रैल तक चलने वाला था।
सत्र का पहला चरण 18 फरवरी को शुरू हुआ था और 27 फरवरी तक जारी रहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)