भुवनेश्वर, आठ जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का संसदीय दल रविवार को नरेन्द्र मोदी के तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री का चयन कर सकता है। यह जानकारी भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने दी।
भाजपा की ओडिशा इकाई के प्रमुख मनमोहन सामल ने शनिवार को नयी दिल्ली से ओडिशा लौटने के बाद मुख्यमंत्री के चयन से जुड़े सवाल पर कहा, ‘‘दो दिन और प्रतीक्षा करें।’’
भाजपा ने 147 सदस्यीय ओडिशा विधानसभा में से 78 सीट जीतकर चुनावों में बहुमत हासिल किया।
सामल ने कहा कि भाजपा संसदीय दल अपनी बैठक में मुख्यमंत्री का चयन करेगा। उन्होंने कहा कि उन्हें ‘‘राज्य के अगले मुख्यमंत्री के बारे में कोई जानकारी नहीं है।’’
भाजपा नेता ने यहां हवाई अड्डे पर कहा, ‘‘मैं राजग के संसदीय दल के नेता के चयन के लिए एक बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली गया था। राज्य के सभी नवनिर्वाचित सांसद वहां मौजूद थे। हम दिल्ली में आयोजित अन्य पार्टी कार्यक्रमों में भी शामिल हुए।’’
भाजपा ने ओडिशा की 21 लोकसभा सीट में से 20 पर जीत हासिल की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY