देश की खबरें | भाजपा ने महाराष्ट्र के कई हिस्सों से ‘धनुष-बाण’ चिह्न को गायब किया: शिवसेना (यूबीटी)
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिवसेना (यूबीटी) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया है कि उसने महाराष्ट्र के कई हिस्सों से धनुष-बाण चिह्न को गायब कर दिया है, क्योंकि भाजपा ने उन सीट पर भी दावा करना शुरू कर दिया है, जिनपर पहले अविभाजित शिवसेना ने चुनाव लड़ा था।
मुंबई, पांच अप्रैल शिवसेना (यूबीटी) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया है कि उसने महाराष्ट्र के कई हिस्सों से धनुष-बाण चिह्न को गायब कर दिया है, क्योंकि भाजपा ने उन सीट पर भी दावा करना शुरू कर दिया है, जिनपर पहले अविभाजित शिवसेना ने चुनाव लड़ा था।
पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ के एक संपादकीय में शुक्रवार को उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) ने कहा कि अविभाजित शिवसेना महाराष्ट्र की 48 सीट में से 23 पर अपने चुनाव चिह्न धनुष-बाण पर चुनाव लड़ा करती थी।
विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) की घटक शिवसेना (यूबीटी) ने यह भी दावा किया कि कई मौजूदा शिवसेना सांसदों को फिर से मौका नहीं देने के कदम के पीछे भाजपा आलाकमान का हाथ था।
एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने यवतमाल-वाशिम, रामटेक और हिंगोली से मौजूदा सांसद भावना गवली, कृपाल तुमाने और हेमंत पाटिल को दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया है।
संपादकीय में कहा गया है, ‘‘लेकिन शिंदे गुट (शिवसेना) को अब (सीट-बंटवारा समझौते के तहत) आधी सीट भी नहीं मिल रही है और भाजपा ने चार-पांच सीट पर धनुष-बाण चिह्न को गायब कर दिया है।’’
शिवसेना, भाजपा और अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा राज्य में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन का हिस्सा हैं। शिवसेना (यूबीटी) ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सिंधुदुर्ग-रत्नागिरी में भी धनुष-बाण चिह्न को गायब कर दिया है, जबकि इस सीट का प्रतिनिधित्व पारंपरिक रूप से बाल ठाकरे द्वारा स्थापित पार्टी द्वारा किया जाता रहा है, लेकिन अब भाजपा इस पर दावा कर रही है।
संपादकीय में इस बात पर आश्चर्य जताया गया है कि क्या मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गढ़ कल्याण और ठाणे में शिवसेना का चुनाव चिह्न कायम रह पाएगा। मुख्यमंत्री के बेटे श्रीकांत शिंदे कल्याण से मौजूदा सांसद हैं।
संपादकीय में कहा गया है, “इस बात की बहुत कम संभावना है कि जिन्हें लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया जा रहा है, वे जीतेंगे ही। इसलिए, भाजपा ने महाराष्ट्र के राजनीतिक परिदृश्य से ऐतिहासिक धनुष-बाण प्रतीक को मिटा दिया है।’’
शिवसेना (यूबीटी) को ‘मशाल’ चुनाव चिह्न मिला है। शिवसेना (यूबीटी) ने अब तक 21 सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है।
शिंदे के नेतृत्व वाली सेना ने नौ सीट पर, भाजपा ने 24, राकांपा ने चार और उसके सहयोगी राष्ट्रीय समाज पक्ष ने एक निर्वाचन क्षेत्र में उम्मीदवारों की घोषणा की है।
महायुति की ओर से अभी 10 सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा बाकी है। महाराष्ट्र की कुल 48 लोकसभा सीट के लिए 19 अप्रैल से 20 मई के बीच पांच चरणों में मतदान होगा और मतगणन चार जून को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 05, 2024 05:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

