भाजपा को यह मानना अच्छा लगता है कि सत्ता में हमेशा वही रहेगी: राहुल गांधी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को यह मानना अच्छा लगता है कि भारत में हमेशा वही सत्ता में रहेगी, लेकिन ऐसा नहीं है. उन्होंने कहा कि यह कहना हास्यास्पद है कि कांग्रेस का समय ‘‘खत्म’’ हो गया है.
लंदन, 7 मार्च : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को यह मानना अच्छा लगता है कि भारत में हमेशा वही सत्ता में रहेगी, लेकिन ऐसा नहीं है. उन्होंने कहा कि यह कहना हास्यास्पद है कि कांग्रेस का समय ‘‘खत्म’’ हो गया है. ब्रिटेन यात्रा पर पहुंचे राहुल गांधी ने सोमवार शाम ‘चैथम हाउस’ थिंक टैंक में एक संवाद सत्र के दौरान इस बात पर भी जोर दिया कि राजनीतिक संवाद की बदलती प्रकृति पर ध्यान न देना कांग्रेस की अगुवाई वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार की विफलता का एक प्रमुख कारण बना. उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप आजादी से लेकर आज के समय को देखेंगे तो कांग्रेस अधिकतर समय सत्ता में रही.’’
गांधी ने कहा, ‘‘भाजपा के 10 साल तक सत्ता में रहने से पहले हम 10 साल तक सत्ता में थे. भाजपा को यह मानना अच्छा लगता है कि वह भारत में सत्ता में आई है और हमेशा वही सत्ता में बनी रहेगी, हालांकि ऐसा नहीं है.’’ भाजपा नीत सरकार 2014 से भारत में सत्ता में है. केरल के वायनाड से सांसद गांधी ने भारत में हो रहे बदलावों की ओर इशारा किया, जिसने कांग्रेस और संप्रग सरकार को अचंभित कर दिया था. उन्होंने कहा, ‘‘हम ग्रामीण क्षेत्र पर काफी ध्यान केंद्रित कर रहे थे और शुरुआत में हम शहरी क्षेत्रों को लेकर चूक गए. यह एक तथ्य है, लेकिन यह कहना वास्तव में हास्यास्पद है कि भाजपा सत्ता में है और कांग्रेस का समय खत्म हो गया है.’’ भाजपा ने राहुल गांधी पर चीन की प्रशंसा करते हुए विदेशी धरती पर भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया है. यह भी पढ़ें : चिराग पासवान तमिलनाडु के राज्यपाल से मिले, प्रवासियों पर कथित हमलों की जांच की मांग की
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को कांग्रेस नेता पर उनके बयानों के लिए निशाना साधा और उनसे देश को धोखा न देने का आग्रह किया. उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी जी आप भारत के साथ विश्वासघात मत कीजिए. भारत की विदेश नीति पर सवाल उठाना दिखाता है कि आपको मुद्दे की समझ नहीं है. विदेशी जमीन पर जाकर अपने देश को बदनाम करने का आप जो प्रयास करते हैं, झूठ फैलाते हैं... इसे कोई नहीं मानेगा.’’ ठाकुर ने आरोप लगाया कि कि गांधी अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए विदेशी धरती पर ‘‘ भारत को बदनाम’’ कर रहे हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 07, 2023 08:52 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

