देश की खबरें | महायुति के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के बारे में भाजपा नेतृत्व और सहयोगी दल करेंगे फैसला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ ‘महायुति’ का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार किसे बनाया जाए, इस बारे में अभी तक कोई बातचीत नहीं हुई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंदशेखर बावनकुले ने बुधवार को यह बात कही।
नागपुर, 19 जून महाराष्ट्र में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ ‘महायुति’ का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार किसे बनाया जाए, इस बारे में अभी तक कोई बातचीत नहीं हुई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंदशेखर बावनकुले ने बुधवार को यह बात कही।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का केंद्रीय नेतृत्व और गठबंधन के सहयोगी दल इस बारे में फैसला करेंगे। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस राज्य में उनकी पार्टी के नेता रहेंगे।
बावनकुले मंगलवार को दिल्ली में भाजपा के कोर समूह की बैठक में शामिल होकर लौटने के बाद नागपुर हवाईअड्डे पर संवाददाताओं से बात कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि बैठक में पार्टी नेताओं ने राज्य में भाजपा, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की महायुति के कमजोर प्रदर्शन पर बात की और इस बारे में भी चर्चा की गई कि विपक्षी गठजोड़ महा विकास आघाडी (एमवीए) की तुलना में उसका वोट प्रतिशत 0.3 प्रतिशत कम क्यों रह गया।
हाल में हुए लोकसभा चुनाव में महायुति को महाराष्ट्र की 48 में से 17 सीट पर ही जीत मिली जहां भाजपा की सीट संख्या पिछली बार की 23 सीटों से काफी कम होकर नौ रह गईं। वहीं कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और राकांपा (एसपी) के एमवीए गठजोड़ ने 30 सीट पर जीत हासिल की।
बावनकुले ने कहा, ‘‘हमने इस बारे में विचार-विमर्श किया कि हम आगामी राज्य विधानसभा चुनाव में इस अंतराल को कैसे पाट सकते हैं।’’
क्या फडणवीस सत्तारूढ़ गठबंधन के लिए मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे, इस प्रश्न पर बावनकुले ने कहा कि उनका ध्यान महाराष्ट्र की जनता के विकास पर है, जबकि एमवीए में ऐसा नहीं है जहां मुख्यमंत्री पद के पांच-छह उम्मीदवार हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘जब इस बारे में फैसले की जरूरत होगी तो हमारा केंद्रीय नेतृत्व, महाराष्ट्र प्रभारी भूपेंद्र यादव और अश्विनी वैष्णव तथा महायुति के नेता एकनाथ शिंदे एवं अजित पवार साथ में बैठेंगे और फैसला करेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 19, 2024 02:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

