देश की खबरें | भाजपा नेताओं ने नयी दिल्ली घोषणापत्र, भारत की जी20 अध्यक्षता की सराहना की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने शनिवार को भारत की जी20 अध्यक्षता की सराहना की और कहा कि नयी दिल्ली घोषणापत्र (नयी दिल्ली लीडर्स समिट डिक्लेरेशन) को स्वीकार किया जाना भारत की कूटनीति और विदेश नीति के लिए एक सफलता है।

नयी दिल्ली, नौ सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने शनिवार को भारत की जी20 अध्यक्षता की सराहना की और कहा कि नयी दिल्ली घोषणापत्र (नयी दिल्ली लीडर्स समिट डिक्लेरेशन) को स्वीकार किया जाना भारत की कूटनीति और विदेश नीति के लिए एक सफलता है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ‘मानव केंद्रित’ वैश्वीकरण पर जोर देने और ‘ग्लोबल साउथ’ की चिंताओं की गूंज घोषणापत्र में सुनाई देती है।

‘ग्लोबल साउथ’ शब्द का इस्तेमाल अक्सर विकासशील और अल्प विकसित देशों के लिए किया जाता है, जो मुख्य रूप से अफ्रीका, एशिया और लैटिन अमेरिका में स्थित हैं।

सीतारमण ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में नेताओं के घोषणापत्र को आधिकारिक तौर पर स्वीकार कर लिया गया। मानव-केंद्रित वैश्वीकरण पर प्रधानमंत्री मोदी के जोर देने और ग्लोबल साउथ की हमारी चिंताओं को आवाज और मान्यता मिली है। सभी जी20 सदस्यों को उनके सहयोग और समर्थन के लिए धन्यवाद।’’

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि मोदी ने असंभव को हासिल कर लिया है और विपक्ष के संदेहों को कुचल दिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘जी20 की उपलब्धियां प्रभावशाली हैं! नयी दिल्ली घोषणापत्र को स्वीकार किया जाना...प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जी20 शिखर सम्मेलन में असंभव को हासिल करने के साथ ही विपक्ष के संदेहों को कुचल दिया गया।’’

भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने इसे भारत की कूटनीति के लिए एक अविश्वसनीय क्षण बताया।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत, घोषणापत्र पर आम सहमति बनाने में सफल रहा। यह भारत की कूटनीति के लिए एक अविश्वसनीय क्षण है। अपने कार्रवाई-उन्मुख प्रयासों के साथ, भारत साझा लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए दुनिया को एक साथ लाता है।’’

भाजपा के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि भारत की जी20 अध्यक्षता अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी और कार्रवाई-उन्मुख रही है।

पार्टी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत ने सफलता का स्वाद चखा है। घोषणापत्र पर भारत के नेतृत्व में बनी आम सहमति। यह भारतीय विदेश नीति के लिए एक अविश्वसनीय क्षण है।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को घोषणा की कि सदस्य देशों के बीच सहमति के साथ जी20 ने नयी दिल्ली घोषणापत्र को स्वीकार किया है। यूक्रेन संघर्ष पर बढ़ते तनाव और अलग-अलग विचारों के बीच भारत की जी20 अध्यक्षता में यह एक महत्वपूर्ण कामयाबी है।

घोषणापत्र को स्वीकार करने की घोषणा भारत द्वारा यूक्रेन संघर्ष का वर्णन करने के लिए जी20 देशों को एक नया पाठ बांटने के कुछ घंटों बाद की गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now