मंगलूरु, 21 मई कर्नाटक के मुख्यमंत्री एस सिद्धारमैया ने राज्य में कोई विकास कार्य न होने के आरोप पर मंगलवार को प्रदेश के अधिकतर भाजपा नेताओं को अज्ञानी बताते हुए कहा कि उन्हें वास्तव में अर्थशास्त्र की समझ ही नहीं है अन्यथा उन्हें राज्य सरकार का वर्तमान वित्त वर्ष का एक लाख, बीस हजार करोड़ रुपये का बजट अवश्य नजर आता।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा नेताओं को अर्थशास्त्र की समझ होती हो तो उन्हें यह भी पता होता कि उसमें राज्य सरकार की पांच गारंटियों के लिए आवंटित धन भी शामिल है।
सिद्धारमैया ने यहां मंगलवार को मंगलूरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में ये बातें कही।
मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘ भाजपा के अधिकतर नेताओं को अर्थशास्त्र की समझ नहीं है। वे अज्ञानी हैं। इतना ही नहीं उन्होंने राज्य सरकार का वर्तमान वित्तीय वर्ष का बजट दस्तावेज नहीं पढ़ा है।’’
भाजपा नेताओं ने पिछले एक वर्ष में कर्नाटक में कोई विकास कार्य नहीं होने का आरोप लगाया था।
मुख्यमंत्री यहां दक्षिण कन्नड़ जिले के गुरुवायंकेरे पहुंचे थे जहां उन्हें बेलथांगडी के पांच बार के विधायक के. वसंत बंगेरा की तेरहवीं में शामिल होना था। बंगेरा का आठ मई को निधन हो गया था।
सिद्धरमैया ने कहा कि हाल ही में पारित राज्य का 2024-25 का बजट 1.20 लाख करोड़ रुपये का है, जिसमें पांच गारंटियों को लागू करने के लिए धन का प्रावधान भी है।
उन्होंने पूछा कि इतना सब होने के बावजूद भाजपा कैसे कह सकती है कि राज्य में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है ?
उन्होंने दावा किया कि पिछले एक वर्ष में राज्य सरकार ने जो वादे किये थे उसे उसने पूरा किया है। उन्होंने पूछा कि “क्या लोगों का आर्थिक सशक्तिकरण विकास नहीं है?''
इन्दु
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY