देश की खबरें | राजस्थान सरकार को बदनाम करने का षड्यंत्र रचते हैं भाजपा नेता : खाचरियावास

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने बुधवार को आरोप लगाया कि विपक्ष की भूमिका निभाने में विफल रहे भारतीय जनता पार्टी के नेता राज्य की कांग्रेस सरकार को बदनाम करने के लिए षड्यंत्र रचते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता गहलोत सरकार के साथ है।

जयपुर, दो फरवरी राजस्थान के कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने बुधवार को आरोप लगाया कि विपक्ष की भूमिका निभाने में विफल रहे भारतीय जनता पार्टी के नेता राज्य की कांग्रेस सरकार को बदनाम करने के लिए षड्यंत्र रचते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता गहलोत सरकार के साथ है।

कैबिनेट की बैठक के बाद खाचरियावास ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा के राज्य के नेता दिल्ली में बैठे नेताओं के साथ मिलकर राजस्थान सरकार को बदनाम करने का षड्यंत्र करते रहते हैं।’’

खाचरियावास ने कहा कि भाजपा के लोग राज्य सरकार को बदनाम करने का कितना भी षड्यंत्र कर लें, दिल्ली वालों से मिलकर कितनी भी योजना बना लें लेकिन राजस्थान की जनता सब जानती है।

उन्होंने कहा कि राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने विधानसभा उपचुनाव हों या नगर निकाय या पंचायती राज चुनाव, सभी में जीत दर्ज की है। कोरोना काल में उसका काम शानदार रहा है और ‘‘राजस्थान में यह माहौल बन गया है कि भाजपा विपक्ष की भूमिका निभाने में विफल रही है।’’

राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट) के पेपर लीक प्रकरण में भाजपा के आक्रामक रवैये पर खाचरियावास ने कहा, ‘‘मामले की जांच विशेष बल (एसओजी) कर रहा है और रीट मामले में कोई बचेगा नहीं... सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।’’

रीट परीक्षा दुबारा नहीं करवाए जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘मामला खुद मुख्यमंत्री देख रहे हैं और कब क्या करना है यह उन्हें तय करना है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now