BJP की ओर से लोकसभा उम्मीदवारों की पहली सूची तीन-चार दिन में जारी होने की उम्मीद: येदियुरप्पा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अनुभवी नेता एवं पार्टी संसदीय बोर्ड के सदस्य बी. एस. येदियुरप्पा ने रविवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भाजपा आगामी तीन-चार दिनों में लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर देगी.
चिकमगलुरू (कर्नाटक), 25 फरवरी : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अनुभवी नेता एवं पार्टी संसदीय बोर्ड के सदस्य बी. एस. येदियुरप्पा ने रविवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भाजपा आगामी तीन-चार दिनों में लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर देगी. कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता के कारण पूरे देश और राज्य में भाजपा के पक्ष में माहौल है. येदियुरप्पा ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘...हमें तीन या चार दिनों में पता चल जाएगा कि उम्मीदवार कौन है और क्या कोई बदलाव है... मुझे उम्मीद है (पहली सूची तीन या चार दिनों में जारी होगी).’’
उन्होंने आगे कहा कि मोदी के कारण पूरे देश में और यहां तक कि कर्नाटक में भी भाजपा के पक्ष में माहौल है और पार्टी का प्रयास राज्य की सभी 28 लोकसभा सीट जीतने का है. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मुझे पूरा भरोसा है कि हम इसमें सफल होंगे.’’ भाजपा ने 2019 के आम चुनावों में राज्य की कुल 28 सीट में से 25 सीट पर जीत दर्ज की थी, जबकि पार्टी समर्थित निर्दलीय सुमलता अंबरीश मांड्या में विजयी हुई थीं. भाजपा द्वारा मांड्या सीट गठबंधन सहयोगी जनता दल सेक्युलर को दिए जाने की संभावना के बीच सुमलता अंबरीश के अपने समर्थकों के साथ बैठक करने के बारे में पूछे जाने पर येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘कुछ भी चर्चा नहीं हुई है, मेरे पास कोई जानकारी नहीं है, कुछ दिनों में चीजें स्पष्ट होंगी.’’ यह भी पढ़ें : तमिलनाडु के CM स्टालिन ने विनफास्ट की चार हजार करोड़ रुपये की ईवी फैक्ट्री की आधारशिला रखी
कथित तौर पर कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा एक पोस्टकार्ड अभियान शुरू किया गया है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से उडुपी-चिकमगलूरु से शोभा करंदलाजे को टिकट नहीं देने और नए चेहरे को प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया है. इस बारे में पूछे जाने पर येदियुरप्पा ने इसे ‘‘सोची सोमझी साजिश’’ करार दिया. उन्होंने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि इसके पीछे कौन है, वह (करंदलाजे) हिम्मत नहीं हारेंगी, हर कोई जानता है कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री के रूप में अच्छा काम किया है. वह पिछली बार से भी बड़े अंतर से जीतेंगी.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 25, 2024 04:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

