देश की खबरें | भाजपा छठ पूजा को लेकर राजनीति कर रही है: आप

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के छठ पूजा को भव्य तरीके से मनाने के कदम की सोमवार को आलोचना की और उस पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया।

नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के छठ पूजा को भव्य तरीके से मनाने के कदम की सोमवार को आलोचना की और उस पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया।

आप ने कहा कि भाजपा को यह समझना चाहिए कि सार्वजनिक स्थानों पर त्योहार मनाने से कोविड-19 फैल सकता है।

आप के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने भाजपा की दिल्ली इकाई की घोषणा को “दुर्भाग्यपूर्ण” करार दिया। हालांकि उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार कोरोना वायरस संक्रमण फैले बिना छठ पूजा मनाने के विकल्पों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों के साथ चर्चा कर रही है।

इससे पहले दिन में, भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख आदेश गुप्ता ने घोषणा की कि छठ पूजा भव्य तरीके से मनाई जाएगी और पार्टी द्वारा शासित नगर निगम इसकी व्यवस्था करेंगे।

दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने पिछले सप्ताह एक आदेश में कोविड-19 स्थिति को देखते हुए नदी के किनारे, जल निकायों और मंदिरों सहित सार्वजनिक स्थानों पर छठ पूजा समारोह पर रोक लगा दी थी।

छठ पूजा मनाये जाने पर भाजपा की दिल्ली इकाई की घोषणा के संबंध में पूछे जाने पर आप के प्रवक्ता ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ भाजपा नेताओं की यही समस्या है। जब भी धर्म के नाम पर राजनीति करने का मौका मिलता है तो वे इससे चूकते नहीं हैं। यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार विशेषज्ञों के साथ इस संबंध में चर्चा कर रही है कि लोगों की आस्था को कैसे कायम रखा जाए और उन्हें यह भी लगे कि छठ का त्योहार मनाया जा रहा है और कोरोना वायरस का प्रसार भी नहीं हुआ है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\