देश की खबरें | विद्वेष की राजनीति कर रही है भाजपा : अखिलेश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर विद्वेष की राजनीति करते हुए विपक्षी दलों के नेताओं की छवि खराब करने का आरोप लगाया।
लखनऊ, 19 जून समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर विद्वेष की राजनीति करते हुए विपक्षी दलों के नेताओं की छवि खराब करने का आरोप लगाया।
यादव ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर राज्य के विभिन्न जिलों से आये नेताओं और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा विद्वेष की राजनीति करती है और वह विपक्षी दलों और नेताओं की छवि खराब करने के लिए सत्ता का दुरुपयोग करती है।
उन्होंने दावा किया, “भाजपा का व्यवहार अलोकतांत्रिक और तानाशाही भरा है। लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं को वह अपने नियंत्रण में करना चाहती है।”
यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था और बिजली व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है और इस सरकार में कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार चरम पर हैं जिसका नतीजा है कि हर विभाग में भ्रष्टाचार है तथा हर कार्य में लूट मची है और आम जनता की कोई सुनवाई नहीं है तथा जनता त्राहि-त्राहि कर रही है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियां देश के उद्योग और व्यापार का नुकसान कर रही हैं। भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विपक्ष में रहने के दौरान स्वदेशी का नारा देते थे मगर इन लोगों ने सत्ता में आने पर ऐसी नीतियां बना दी हैं कि पूरा देश विदेशी सामानों से भरा पड़ा है। देश के बाजार चीनी सामानों से पटे हैं।”
उन्होंने कहा कि अब ये स्वदेशी की बात नहीं करते हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि इस सरकार की गलत नीतियों से देश के कुटीर और छोटे उद्योग बर्बाद हो गए।
यादव ने कहा कि भाजपा के पास आम जनता की समस्याओं, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी का कोई समाधान नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा समाज में नफरत फैलाकर सत्ता में बनी रहना चाहती है तथा विकास, नौकरी, रोजगार, शिक्षा व स्वास्थ्य से इनका कोई लेना देना नहीं है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 19, 2025 08:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

