देश की खबरें | भाजपा ने अपने दिन गिनने शुरू कर दिए हैं : सपा प्रमुख अखिलेश यादव
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को यहां कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने अपने दिन गिनने शुरू कर दिए हैं और यह उससे आगे एक दिन भी सत्ता में नहीं टिकेगी।
खम्मम (तेलंगाना), 18 जनवरी समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को यहां कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने अपने दिन गिनने शुरू कर दिए हैं और यह उससे आगे एक दिन भी सत्ता में नहीं टिकेगी।
यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणी पर तंज कस रहे थे। मोदी ने भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कहा था कि 2024 के चुनाव में सिर्फ 400 दिन बाकी हैं।
यादव ने यहां भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘भाजपा 399 दिनों के बाद सत्ता से बाहर होगी और 400वें दिन नई सरकार बनेगी।’’
उन्होंने दावा किया कि सत्तारूढ़ भाजपा देश को पीछे धकेल रही है और यह समय सभी प्रगतिशील नेताओं के एक साथ आने और देश के विकास के लिए काम करने का है।
सपा नेता ने कहा, ‘‘तेलंगाना के मुख्यमंत्री और बीआरएस अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव ने खम्मम की इस ऐतिहासिक धरती पर इतनी भारी भीड़ इकट्ठी की है और पूरे देश को एक संदेश दिया है।’’
उत्तर प्रदेश की जनता द्वारा भी अंततः सत्तारूढ़ भाजपा को खारिज किए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘आज हम इतनी बड़ी संख्या में एकत्र हुए हैं। इस सभा के सामने, मैं कह सकता हूं कि अगर तेलंगाना में भाजपा को खारिज किया जा रहा है, तो उत्तर प्रदेश भी पीछे नहीं रहेगा।’’
इस मौके पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और वाम नेता डी. राजा भी मौजूद रहे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)