देश की खबरें | संभाजी ब्रिगेड के नेता पर हमले से भाजपा का कोई संबंध नहीं: मंत्री बावनकुले
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने सोमवार को कहा कि स्वामी समर्थ पर टिप्पणी को लेकर संभाजी ब्रिगेड के संस्थापक सदस्य प्रवीण गायकवाड पर हुए हमले से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कोई लेना-देना नहीं है।
मुंबई, 14 जुलाई महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने सोमवार को कहा कि स्वामी समर्थ पर टिप्पणी को लेकर संभाजी ब्रिगेड के संस्थापक सदस्य प्रवीण गायकवाड पर हुए हमले से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का कोई लेना-देना नहीं है।
बावनकुले की यह टिप्पणी रविवार को गायकवाड पर हमले के मामले में आरोपी दीपक काटे के साथ उनकी कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद आई है।
पुलिस ने पहले बताया था कि श्री दत्तात्रेय के अवतार माने जाने वाले स्वामी समर्थ पर कथित टिप्पणी को लेकर एक संगठन के कार्यकर्ताओं ने रविवार को सोलापुर जिले के अक्कलकोट गांव में गायकवाड़ के साथ कथित तौर पर मारपीट की और उन पर स्याही फेंकी।
एक वीडियो में देखा जा सकता है कि गायकवाड़ को कुछ लोगों द्वारा उनकी कार से बाहर खींच लिया गया और उनके साथ मारपीट की गई।
बाद में पुलिस ने दीपक काटे और शिवधर्म फाउंडेशन के छह अन्य सदस्यों पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत दंगा करने के आरोप में मामला दर्ज किया और उन्हें हिरासत में ले लिया। बाद में पुलिस द्वारा नोटिस जारी करने के उपरांत उन्हें छोड़ दिया गया।
भाजपा द्वारा काटे का समर्थन करने के दावों के बारे में पूछे जाने पर, बावनकुले ने कहा, ‘‘गायकवाड पर हुए हमले से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। इस तरह की नीच हरकतें करना हमारे खून में नहीं है।’’
बावनकुले ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘काटे को प्रवीण गायकवाड के साथ ऐसा व्यवहार नहीं करना चाहिए था और भाजपा उनके इस कृत्य को स्वीकार नहीं करती। एक आरोपी हमेशा आरोपी ही रहता है, चाहे उसकी पार्टी कोई भी हो।’’
भाजपा के विधान परिषद सदस्य परिणय फुके ने दावा किया कि विपक्षी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) प्रमुख शरद पवार और शिवसेना (उबाठा) नेता सुषमा अंधारे द्वारा उनकी पार्टी की आलोचना करना उसके प्रति उनके पूर्वाग्रह को दर्शाता है।
फुके ने कहा, ‘‘उनकी हमेशा से यही सोच रही है कि समाज में हो रही किसी भी घटना के पीछे भाजपा है। ऐसे घटनाओं को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए, लेकिन मैं हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई का समर्थन करता हूं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2025 12:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

