जरुरी जानकारी | भाजपा सरकार विकसित भारत लक्ष्य के अनुरूप दिल्ली में लाएगी बदलाव: सीतारमण
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को भरोसा जताया कि भाजपा सरकार निश्चित रूप से दिल्ली के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेगी और विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप बदलाव लाएगी।
नयी दिल्ली, आठ फरवरी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को भरोसा जताया कि भाजपा सरकार निश्चित रूप से दिल्ली के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेगी और विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप बदलाव लाएगी।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के रुझान में भाजपा के आगे होने के बारे में पूछे जाने पर, सीतारमण ने कहा, ‘‘वास्तव में, यह जानकर खुशी हुई क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में, हम बहुत उत्सुक हैं कि दिल्ली को एक ऐसी सरकार मिले जो अपने लोगों की सेवा करे। और यह विकसित भारत 2047 को प्राप्त करने के लिए समय की मांग है।’’
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए जारी मतगणना के आए रुझानों से यह लगभग साफ हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी करने जा रही है।
सीतारमण ने बजट पश्चात भारतीय रिजर्व बैंक के केंद्रीय निदेशक मंडल की 613वीं बैठक को संबोधित करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि दिल्ली को एक ऐसी सरकार मिले, जो अपने लोगों की सेवा करे और उनकी आकांक्षाओं को पूरा करे।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरा दृढ़ विश्वास है कि प्रधानमंत्री ने देश के लिए जो खाका तैयार किया है, उसमें निश्चित रूप से दिल्ली को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए और मानव विकास संकेतक से संबंधित सभी मुद्दों और बुनियादी ढांचे, स्कूलों, अस्पतालों और लोगों की स्वास्थ्य देखभाल समेत हर दृष्टिकोण से अपने लोगों की सेवा करनी चाहिए।’’
बाद में सीतारमण ने ट्विटर पर लिखा है, ‘‘भाजपा पर भरोसा जताने के लिए दिल्ली के मतदाताओं को धन्यवाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मार्गदर्शन और भाजपा अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा की अगुवाई में हम दिल्ली के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध और समर्पित हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता की कड़ी मेहनत और समर्पण सराहनीय है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)