देश की खबरें | राजस्थान में स्थानीय निकायों के चुनाव टालना चाहती है भाजपा सरकार : डोटासरा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन कर स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों को टालने का आरोप लगाया है।
जयपुर, पांच जुलाई कांग्रेस की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन कर स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों को टालने का आरोप लगाया है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस पदाधिकारियों, विधानसभा समन्वयकों एवं जिलाध्यक्षों की संयुक्त बैठक शनिवार को डोटासरा की अध्यक्षता में हुई।
डोटासरा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा नगर निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव पांच वर्ष में कराने के संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन किया जा रहा है। इसके विरूद्ध कांग्रेस पार्टी द्वारा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा इन चुनावों को और अधिक टालने की है, इसलिए सरकार ने डेढ़ वर्ष का कार्यकाल बीतने के पश्चात अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आयोग का गठन किया है क्योंकि निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव ओबीसी आयोग की रिपोर्ट के बगैर नहीं कराने के निर्देश उच्चतम न्यायालय द्वारा दिये गये हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की प्रदेश सरकार येन-केन प्रकारेण स्थानीय निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव टालना चाहती है क्योंकि इन संस्थाओं के चुनाव होने के पश्चात लोग विकास के कार्यों पर भाजपा से सवाल पूछना शुरू करेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा के इस षड़यंत्र को किसी भी प्रकार से सफल नहीं होने दिया जायेगा और कांग्रेस द्वारा भाजपा सरकार के खिलाफ राज्यव्यापी जन आंदोलन खड़ा किया जायेगा।
कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से मजबूत थी, है और रहेगी। रंधावा ने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं को जिला अथवा विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी मिली है वे भी निर्भीक होकर अपना कार्य करें।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 05, 2025 09:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

